महानगर के क्वार्सी क्षेत्र के नगला मल्लाह से शनिवार की रात से लापता वाल्मीकि युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शव चिलकौरा रोड पर फेंक दिया गया। रविवार की सुबह सुबह शव मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। दोपहर में खबर पर वाल्मीकि समाज के लोग व सफाई कर्मी नेता थाने पहुंच गए। घेराव कर घंटों हंगामा किया। किसी तरह पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के मुआवजा, नौकरी, आवास आदि के आश्वासन पर हंगामा शांत हुआ। मामले में अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है, मगर जांच के आधार पर मृतक के एक दोस्त को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
नगला मल्लाह निवासी 25 वर्षीय विनोद वाल्मीकि पशुओं का व्यापार करते थे। हाल ही में उनकी शादी हुई थी। परिवार के अनुसार शनिवार की देर शाम किसी का फोन आने पर वह केला नगर में अपने दोस्त से मिलने जाने की बात कहकर घर से निकला, जिसके बाद नहीं लौटा। परिवार वालों ने रात में उसे तलाश किया, लेकिन पता नहीं चला। रविवार की सुबह पुलिस को चिलकौरा रोड पर एक प्रापर्टी डीलर के दफ्तर के बगल में एक युवक की लाश मिली। कुछ दूरी पर बाइक खड़ी थी। पुलिस ने मृतक की पहचान का प्रयास शुरू किया, तभी परिवार वालों ने पहुंचकर विनोद के रूप में शिनाख्त की। पुलिस के अनुसार देखने से लग रहा था कि गला दबाकर हत्या की गई है। शरीर पर खरोंच आदि के भी निशान थे। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
इसी बीच खबर पर काफी संख्या में सफाई कर्मी नेता व वाल्मीकि समाज के नेता एकत्रित होने लगे और थाने पहुंचना शुरू कर दिया। दोपहर होते होते थाने के घेराव की स्थिति बन गई और हंगामा शुरू कर दिया। तत्काल घटना के खुलासे, मुआवजा, नौकरी, मकान आदि की मांग शुरू कर दी। इस खबर पर सीओ द्वितीय मोहसिन खान व एसीएम द्वितीय भी पहुंच गए। करीब तीन घंटे तक चली खींचतान व हंगामे के बाद अधिकारियों के स्तर से मुकदमे के आधार पर तत्काल 4 लाख रुपये मुआवजा, मलखान सिंह अस्पताल में मृत विनोद की विधवा पत्नी को नौकरी, मकान आदि का भरोसा दिलाया गया। तब जाकर लोग शांत हुए। भाई बंटी की तहरीर पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गा है। सीओ द्वितीय मोहसिन खान के अनुसार पुलिस जांच में कुछ लोग संदेह के घेरे में आए हैं। उसी आधार पर एक दोस्त को हिरासत में लिया है। जांच व पूछताछ चल रही है। जल्द तस्वीर साफ कर दी जाएगी।
रुपयों के विवाद में हत्या का अंदेशा, मोबाइल-सीसीटीवी जांच जारी
पुलिस की अब तक की जांच में साफ हुआ है और मृतक की पत्नी ने भी पुलिस को बताया है कि घर से जाते समय विनोद के पास 20 हजार रुपये थे। कुछ लोगों को पशु बेचे थे, उनसे भी रुपये लेने थे। अंदेशा इसी विवाद में हत्या का निकल कर आ रहा है। पत्नी ने कुछ नाम भी बताए हैं, जिनके द्वारा धमकी भी दी जा रही थी। इसी आधार पर आखिरी कॉल से जुडे़ मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकलवाई गई है। कुल मिालकर आधा दर्जन नंबर रडार पर लिए गए हैं। घर से लेकर केला नगर व घटनास्थल तक के सीसीटीवी खंगालने के लिए भी पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। सीओ ने बताया कि पूरे खुलासे में चार टीमें जुट गई हैं। जल्द तस्वीर साफ होगी।
थाने पर ये नेता रहे मौजूद
इस दौरान वरिष्ठ नेता श्यौराज जीवन, राजेश राज जीवन, नगर सफाई मजदूर संघ अध्यक्ष प्रदीप भंडारी, महामंत्री राधे धुरी, आनंद शास्त्री, राजीव भारती, राहुल चेतन, बिल्लू चौहान, राहुल वाल्मीकि, मनोज वाल्मीकि, राजेन्द्र चौहान, शरद वाल्मीकि, रवि वाल्मीकि, गौरव बेंजी, राजेश पथिक, जय प्रकाश वाल्मीकि, रामखिलाड़ी वाल्मीकि, आनंद, रोबिन वाल्मीकि, विनय वाल्मीकि आदि प्रमुख थे।
विनोद की हत्या में पूछताछ के हिरासत में लिया गया युवक।- फोटो : CITY OFFICE