फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ः लापता युवती की गला दबाकर हत्या, खेत में मिला शव

विज्ञापन
विज्ञापन
क्षेत्र के नानऊ-सासनी रोड के एक गांव में बुधवार शाम से लापता अनुसूचित जाति की युवती की गला दबाकर हत्या कर शव बाजरे के खेत में फेंक दिया गया। युवती के शरीर पर कपड़े अस्त-व्यस्त थे, जिन्हें देख परिवार ने दुष्कर्म का अंदेशा जताया। हालांकि, बाद में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की गला व मुंह दबाने से दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई है। संदेह के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। इधर, देररात युवती का अंतिम संस्कार करने से परिजनों ने इंकार कर दिया। हालांकि, स्थानीय पुलिस परिजनों को मनाने की कोशिश में लगी हुई है। घटना के बाद से भीम आर्मी (आजाद समाज पार्टी) और बसपा नेता भी सक्रिय हो गए हैं।
विज्ञापन

परिवार के अनुसार, 18 वर्षीय युवती बुधवार को अपराह्न करीब तीन बजे शौच के लिए जंगल गई थी। देर तक न लौटने पर परिवार वाले गुपचुप बेटी की तलाश करते रहे। बृहस्पतिवार सुबह युवती की मां ने घर से करीब 500 मीटर दूरी पर गांव के ही व्यक्ति के बाजरे के खेत में बेटी का शव देखा। परिवार वालों के अनुसार, शव क्षत-विक्षत था। मुंह से झाग निकल रहा था। दुपट्टा व पानी का लोटा अलग पड़ा था। शरीर पर काफी खरोंच व रगड़ के निशान थे। सूचना पर सीओ बरला सुमन कनौजिया, एसपी देहात शुभम पटेल, एसएसपी कलानिधि नैथानी भी पहुंच गए। डॉग स्क्वायड व फील्ड यूनिट को भी बुला लिया गया। खबर पर बसपा व आजाद समाज पार्टी के नेता भी पहुंच गए।
पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें उल्लेख है कि लापता बेटी की लाश मिली है। अज्ञात लोगों ने उसकी हत्या कर शव फेंक दिया है। देर शाम वीडियो-फोटोग्राफी के बीच चार डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। देर रात पुलिस टीम संग परिवार शव गांव ले गया था। एसपी देहात शुभम पटेल के अनुसार पोस्टमार्टम में मौत का कारण गला व मुंह दबाने से दम घुटना आया है। शरीर पर खरोंच व रगड़ की चोटों के निशान हैं। दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। स्लाइड फोरेंसिक जांच के लिए भेजी जाएगी। संदेह के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन

- परिवार की ओर से मिली तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। हत्या की घटना का खुलासा करने के लिए मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल के साथ अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। अन्य कई बिंदुओं पर पुलिस टीमें काम कर रही हैं। जल्द तस्वीर साफ की जाएगी।-शुभम पटेल, एसपी देहात।
मौका ए वारदात से मृतका के घर तक पहुंची डॉगी पिंकी
बाजरा के जिस खेत में युवती का शव मिला था, वहां पर युवती के शव और आसपास जमीन को सूंघने के बाद डॉगी पिंकी मृतका के घर तक पहुंची। इसके साथ ही मृतका के परिवार के ही एक घर में भी वह घुसी और फिर लौटकर घटनास्थल पर पहुंच गई।
नेताओं ने की न्याय व मुआवजे की मांग
गांव नगला रंजीता में अनुसूचित जाति की युवती की हत्या की खबर पाकर बहुजन समाज पार्टी के छर्रा विधानसभा क्षेत्र प्रभारी एवं हरदुआगंज नगर पंचायत चेयरमैन तिलकराज यादव, बसपा के सेक्टर प्रभारी गजराज सिंह विमल, सपा नेता लक्ष्मी धनगर, आजाद समाज पार्टी से राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य चौ. महेंद्र सिंह भी कार्यकर्ताओं के साथ गांव पहुंचे।
मृतका के परिवार वालों से मिलकर ढाढ़स बंधाया। पुलिस अधिकारियों से घटना के जल्द खुलासे एवं हत्या आरोपियों को जल्द पकड़कर जेल भेजे जाने की मांग की। साथ में परिवार को कम से कम पचास लाख रुपये मुआवजे व सरकारी नौकरी की मांग की। इस मौके पर आजाद समाज पार्टी के मंडल अध्यक्ष जिला अध्यक्ष चंद्रप्रकाश मौर्य, प्रमोद कुमार सिंह, मुकेश कुमारी, देवी सिंह रुहेला, दिनेश प्रजापति, नितिन, रवि गौतम आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें