गांव नगला केसिया में ताऊ और चचेरे बाबा ने लॉकडाउन में जॉब छोड़कर गांव लौटे एक युवक को पीटकर मार डाला। घटना रविवार रात करीब आठ बजे की है। झगड़ा जमीन का विवाद बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष दया नारायण त्रिपाठी के अनुसार, दोनों हत्या आरोपी फरार हैं। एक आरोपी बर्खास्त सिपाही है, जिसकी कार पुलिस ने कब्जे में ले ली है। कार के अंदर से लाइसेंसी रिवाल्वर भी बरामद हुआ है।
गांव नगला केसिया निवासी आकाश पुत्र उमेश कुमार यादव रविवार की शाम अपने खेत से घर लौटे थे। उनका ताऊ राजेश यादव पुत्र मलखान सिंह अपने खानदानी चाचा लवकेश पुत्र रतन सिंह के साथ वहां पहुंचा। ग्रामीणों के अनुसार, राजेश ने शराब पी रखी थी। जमीन को लेकर उनकी आकाश से कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों ने कमरे में रस्सी से बांधकर आकाश की बुरी तरह पिटाई की।
इस दौरान आकाश की मां और परिवार वाले छोड़ने की गुहार लगाते रहे। आकाश को मरणासन्न छोड़कर राजेश और लवकेश वहां से जब निकले उसके बाद परिवार वाले आकाश को विजयगढ़ कस्बे में एक डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विजयगढ़ की घटना परिवार में जमीन के विवाद में हुई है। ताऊ व उसके चाचा पर हत्या का आरोप है। दोनों की तलाश की जा रही है। युवक लॉकडाउन में दिल्ली से जॉब छोड़कर गांव आकर अपनी जमीन मांग रहा था। इसी बात को लेकर यह कहते हुए उसे पीटा जाना सामने आया है कि वह जमीन क्यों मांग रहा है? दिल्ली वापस क्यों नहीं जा रहा? -शुभम पटेल, एसपी देहात।