मैरिस रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के घर पर श्रद्या सुमन अर्पित करके पहुंचे पंचायती ?
- फोटो : CITY OFFICE
उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने नाम लिए बिना सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बाबू जी कल्याण सिंह की अंतिम यात्रा से दूरी बनाने वाले नेताओं को पछतावा होगा।
मंत्री भूपेंद्र चौधरी बुधवार को मैरिस रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के आवास पर पहुंचे और उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। पत्रकारों से कहा कि बाबूजी के कद को किसी दलीय सीमा में नहीं बांध सकते। किसी भी राजनीतिक दल या दल के नेताओं द्वारा कल्याण सिंह की अंतिम यात्रा से दूरी बनाना निंदनीय है।
उन्हें अपने कृत्य पर पछतावा होगा। ये लोग पिछड़ों के नाम पर सुविधा की राजनीति करते हैं। समाज को तोड़ने का काम किया है। इन लोगों ने एक विशेष वर्ग का काम किया है। कल्याण सिंह ने सभी वर्गों के लिए काम किया और हमेशा याद किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण में कल्याण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके अधूरे कार्य को हम लोग पूरा करेंगे। उन्होंने हमें देश-समाज को आगे ले जाने का रास्ता दिखाया है। इससे पूर्व उन्होंने कल्याण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह राजू भैया सहित अन्य परिजनों को उन्होंने ढांढस बढ़ाया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह, ठाकुर श्यौराज सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी देवराज सिंह, विनीत वार्ष्णेय बंटी आदि मौजूद थे।