अकराबाद बिजली घर क्षेत्र में 11 हजार वोल्टेज की 30 मीटर लाइन के एस्टीमेट पर विभागीय अधिकारियों की साठगांठ पर उपभोक्ता द्वारा तकरीबन दो किलोमीटर लाइन डलवाने का प्रकरण सामने आया है। एमडी से हुई शिकायत के बाद आनन-फानन जेई को निलंबित कर दिया है, जबकि प्रकरण की जांच जारी है।
प्रकरण के अनुसार विद्युत वितरण खंड षष्ठम के अकराबाद बिजली घर पर जेई रोहित यादव की तैनाती है। जेई रोहित यादव से एक उपभोक्ता ने अपने नलकूप कनेक्शन के लिए एक 30 मीटर लाइन का एस्टीमेट तैयार करवाया। एस्टीमेट के बाद कार्य प्रारंभ हुआ। लाइन डलने के बाद सुमित ठाकुर ने डीवीवीएनएल के एमडी से शिकायत की।
उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों की मिलभगत से उपभोक्ता ने 30 मीटर के एस्टीमेट पर तकरीबन दो किमी की लाइन डलवा ली है। अधिकारियों की साठगांठ ने विभाग को भारी राजस्व की हानि पहुंचाई है। मामले की शिकायत एमडी तक पहुंची तो अधीक्षण अभियंता ने आनन-फानन जेई रोहित यादव को निलंबित कर दिया है।
जांच रिपोर्ट में जेई से ऊपर के अधिकारियों को भी दोषी मानते हुए मुख्य अभियंता मुकुल सिंघल को पत्र प्रेषित किया गया है। जांच रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद मुख्य अभियंता जेई से ऊपरी स्तर के अधिकारियों पर कार्रवाई करेंगे। अकराबाद बिजली घर का कार्य भार फिलहाल पनैठी के जेई सतवीर सिंह को सौंपा गया है।