पिसावा क्षेत्र के गांव सहजपुरा में पिछले माह किसान सोनू की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह हत्या लेनदेन के विवाद में हुई थी। सोनू ने आरोपी से रुपये उधार रुपये ले रखे थे। मांगने पर नशे में सोनू ने थप्पड़ मार दिया था। इसी गुस्से में सोनू की हत्या कर दी गई थी।
एसपी देहात शुभम पटेल ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि 15 जुलाई की 28 वर्षीय सोनू पुत्र मामराज निवासी सहजपुरा पिसावा की हत्या हुई थी और उसका शव नलकूप पर मिला था। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाला सोनू नलकूप पर ही रहता था। घटनास्थल पर पुलिस को शराब व बीयर की बोतलें मिली थीं। इस मामले में संदेह के आधार पर डब्लू कुमार उर्फ भूपेंद्र पुत्र चेतराम निवासी खेडा खैर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू हुई तो पूरी बात खुल गई।
पूछताछ में भूपेंद्र ने जुर्म स्वीकारते हुए बताया कि उसने सोनू को 1200 रुपये उधार दिए थे। जब वह रुपये मांगने गया तो वहां शराब पीते समय सोनू ने रुपये मांगने पर थप्पड़ मार दिया। इसी गुस्से में उसने सोनू का सिर दीवार में दे मारा, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। बाद में उसने दो तीन बार उसी तरह सिर मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया और खुद अपनी बाइक लेकर भाग आया।