चुनाव-होली सब खत्म हो चुकी है। अब त्योहारी सीजन शुरू हो गया है। नवरात्र के साथ रमजान आ गए हैं और फिर शादियों का सीजन भी शुरू होने जा रहा है। ऐसे में पुलिस को पूरी तरह क्राइम कंट्रोल पर ध्यान देने की जरूरत है। साथ में लंबित काम निपटाने होंगे। ये निर्देश एसएसपी कलानिधि नैथानी ने शनिवार को तीन घंटे तक चली क्राइम मीटिंग में दिए। सख्त अंदाज में कहा कि किसी भी काम में लापरवाही कतई सहन नहीं की जाएगी।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित क्राइम मीटिंग, सैनिक सम्मेलन में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अनुशासनहीनता करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। इस मौके पर मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा को विशेष दल गठित कर पैदल गश्त व चेकिंग कराने के निर्देश दिए।
प्रत्येक थाने में महिला बीट को दुरुस्त करने, अपराधियों को सजा दिलाने के लिए न्यायालयों में हर थाने से दो-दो पैरोकार नियुक्त करने, त्योहारों पर विशेष सतर्कता बरतने, गुंडा व जिला बदर पर कार्रवाई करने, ऑपरेशन वांछित, ऑपरेशन प्रहार, ऑपरेशन-420, ऑपरेशन तिकड़ी, ब्लैककैट, ऑपरेशन साइलेंस, ऑपरेशन खुशी में और तेजी लाने के निर्देश दिए।
वहीं अपराधियों पर निरोधात्मक कार्रवाई व गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपराधियों के सत्यापन, थाना परिसरों की सफाई पर जोर दिया। इसके अलावा पब्लिक से बेहतर व्यवहार व अनुशासन पर जोर दिया। महानगर में गली मोहल्लों में अवैध धंधों पर कार्रवाई करने, विवेचनाओं में गुणवत्ता लाने के निर्देश दिए। सैनिक सम्मेलन में समस्याएं सुनी गईं।
वहीं सीओ स्तर पर भी बेहतर जनसुनवाई, बेहतर विवेचना, लापरवाही पर कार्रवाई, लंबित जांचों के निस्तार, जनशिकायत निस्तारण, घटनाओं के खुलासे, ट्रैफिक ग्रिड सिस्टम को दुरुस्त करने, सीएफओ को अगिभनशमन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी देहात शुभम पटेल, एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुणावत, एसपी यातायात मुकेश चंद्र, जेडी सुनील कुमार सहित समस्त सीओ व कोतवाल मौजूद रहे।