मौसम में घुली ठंडक के बीच रविवार को डीएस कॉलेज के मैदान पर बालिकाओं ने कलात्मक हॉकी खेलते हुए जबरदस्त जुगलबंदी दिखाई। मैच में खिलाड़ियों ने विपक्षी टीमों पर जमकर हमले बोले, जवाब में विपक्षी रक्षा पंक्ति ने भी इन हमलों को नाकाम कर दिया।
प्रतियोगिता में दर्शक भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते नजर आए। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर डीएस कॉलेज और अमर उजाला अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बालिका हॉकी प्रतियोगिता में डीएस कॉलेज की टीम विजेता और अग्रसेन इंटर कॉलेज ए टीम उप विजेता रही।
रविवार को प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला डीएस कॉलेज व अग्रसेन इंटर कॉलेज ए टीम के बीच खेला गया। पहले हाफ में डीएस कॉलेज की वैशाली ने दो गोल दागकर टीम को 2-0 से बढ़त दिला दी। हालांकि, मैच में वापसी के लिए अग्रसेन इंटर कॉलेज की खिलाड़ियों ने कई हमले किए, लेकिन डीएस कॉलेज की रक्षा पंक्ति और गोलकीपर ने शानदार बचाव किया।
दूसरे हाफ के शुरुआत में अग्रसेन कॉलेज की वंदना ने गोल करके टीम का खाता खोला। 30वें मिनट में वैशाली ने एक गोल करके हैट्रिक लगाई और टीम का स्कोर 3-1 से कर दिया। रेफरी की सीटी बजते ही डीएस कॉलेज की टीम चैंपियन बन गई। विजेता और उप विजेता टीम के कप्तानों को ट्रॉफियां दी गईं। विजेता टीम के खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक व उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को रजत पदक दिए गए।
इससे पहले हुए लीग मैच में अग्रसेन इंटर कॉलेज ए ने चिरंजीलाल कन्या इंटर कॉलेज 5-1 से हराया, जबकि डीएस कॉलेज ने अग्रसेन इंटर कॉलेज बी को 6-2 से शिकस्त दी। अग्रसेन इंटर कॉलेज ए ने अलीगढ़ ग्रास हॉकी एकेडमी को 7-1 से करारी मात दी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी रानी प्रकाश, उप क्रीड़ा अधिकारी विजय सिंह, प्राचार्य डॉ. हेम प्रकाश, प्रॉक्टर डॉ. मुकेश भारद्वाज, शिक्षक संघ के सचिव डॉ. हरीश शर्मा, खेल प्रभारी अवनीश कुमार सिंह ने किया। संचालन पूर्व हॉकी खिलाड़ी अनिल कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रमोद शर्मा, नीता पोरवाल, एमए जावेद, वलीउज्जमा खान, तस्लीम मुख्तार, हर्ष कुमार, नाजिम चमन, प्रदीप रावत, डॉ. अंजुल सिंह आदि मौजूद रहे।
ये रहे निर्णायक
जज प्रदीप पाराशर, टेक्निकल ऑफिसर सृष्टि, रेफरी मनीष, लोकेश, गुरुविंदर सिंह।
- अमर उजाला का केवल खबरों से सरोकार नहीं है, बल्कि खेलकूद से भी है। यह जानकार और देखकर काफी खुशी हुई। - डॉ. हेम प्रकाश, प्राचार्य
- अमर उजाला में खेल की खबरों को अन्य खबरों की तरह प्राथमिकता दी जाती है। इस बात को अखबार पढ़कर जाना जा सकता है। - अवनीश कुमार सिंह, खेल प्रभारी