न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
जिला कारागार में मंगलवार को हत्या के मामले में निरुद्ध बंदी के आत्महत्या करने के मामले में बुधवार को डीआईजी जेल वीके सिंह जांच को अलीगढ़ आ गए। उन्होंने घंटों साथी बंदियों से आत्म हत्या की वजह जानने की कोशिश की। वे अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेंगे।
हाथरस के थाना हाथरस जंक्शन के गांव दोलपुर निवासी 35 वर्षीय मोनू पुत्र विष्णु ने बैरक के पीछे सेफ्टी टैंक के ढ़क्कन को खोलकर गटर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मोनू अलगर्जी हैंडीक्राफ्ट फैक्टरी के संचालक रविकांत की हत्या के मामले में आरोपी था और उसे 13 नवंबर को ही जेल भेजा गया था।
बंदी के आत्म हत्या कर लेने के मामले में डीआईजी जेल वीके सिंह दोपहर के वक्त जिला कारागार पहुंचे। वे देर शाम तक जेल की बैरकों में बंद बंदियों से मोनू की आत्महत्या की वजह तलाशने को उनसे कई दौर में बातचीत करतेे रहे। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की फुुटेज में कैद हुई पूरी घटना को भी देखा। डीआईजी ने जेल अधिकारियों से भी अलग से बैठक की। अब वे अपनी जांच रिपोर्ट गृह विभाग को सौंपेंगे।