पिछले दो वर्षों से कोरोना संक्रमण काल की चुनौतियों के बीच सैनिटाइजेशन, वॉटर मैनेजमेंट, हेल्थकेयर, ग्रीनरी और ऊर्जा संरक्षण पर जनपद के संस्थानों के सहयोग से उत्कृष्ट कार्य करने पर अलीगढ़ डायट (जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान) को ग्रीन चैंपियन अवार्ड दिया है।
ऑनलाइन अवार्ड सेरेमनी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने उप शिक्षा निदेशक डॉ. इंद्र प्रकाश सिंह सोलंकी को बधाइयां दीं। साथ ही अपेक्षा की कि भविष्य में शिक्षा के मानकों पर खरा उतरते हुए इसी प्रकार अच्छे-अच्छे कार्य किए जाएं।
बता दें कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण शिक्षा परिषद, भारत सरकार, उच्च शिक्षा विभाग और शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में विगत वर्ष कार्यशाला आयोजित कर सैनिटाइजेशन, वॉटर मैनेजमेंट, हेल्थकेयर, ग्रीनरी और ऊर्जा संरक्षण पर कार्य करने का आह्वान किया।
उप शिक्षा निदेशक ने डायट स्तर पर पांच सदस्यीय पांच समितियां गठित कीं। जिन्होंने पूरे जिले में डायट से संबद्ध कॉलेजों के अंदर इन पांच बिंदुओं पर कार्य कराया। कोआर्डिनेटर के रूप में रसायन विज्ञान प्रवक्ता मोनिका शर्मा ने जनपद के 46 डीएलएड संस्थानों को शामिल किया।
अलीगढ़ ने कोरोना संक्रमण काल के बावजूद बेहतर परिणाम दिए तो ग्रीन चैंपियन अवार्ड से नवाजा गया। बुधवार को ऑनलाइन अवार्ड सेरेमनी गूगल मीट पर आयोजित की गई। मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे, कार्यशाला कोआर्डिनेटर डॉ. खुशबू आर होचचंदानी और गौरव ने प्रतिभाग किया।
यहां अलीगढ़ जनपद के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के संयोजन में किए गए उत्कृष्ट कार्यों की जानकारी साझा की गई। अवार्ड मिलने पर जिलाधिकारी ने उप शिक्षा निदेशक को बधाई देते हुए कहा कि कोरोना की चुनौती अपना कर डायट ने जो कार्य किया है।
यह वाकई में प्रशंसनीय है। जामिया कॉलेज के प्राचार्य एमएस खान, प्रेम एजूकेशन से मुकेश सारस्वत, पीएम कॉलेज से रंजना, एसीएन से उमाकांत वार्ष्णेय, पं. श्रीचंद्र शर्मा से शशी, एसआरजी अनुज कुमारी व संजीव शर्मा, अनिल राघव ने भी सेरेमनी में प्रतिभाग किया।