चूहरपुर में हुए पथराव के बाद घटना स्थल पर खड़े लोग।
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के बन्नादेवी थाना क्षेत्र के चूहरपुर में रविवार की शाम को बच्चों के विवाद में बड़ों के बीच मारपीट, पथराव हो गया। इससे इलाके में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख मौके से सभी उपद्रवी भाग गए। पुलिस मामले की तफ्तीश में लगी है।
वाकया शाम छह बजे करीब का है। अनुसूचित जाति के दो अलग-अलग पक्षों के बच्चे खेल रहे थे। तभी उन दोनों में किसी बात को लेकर विवाद मारपीट हो गई। बच्चे अपने-अपने घर जाकर रोने लगे। परिवार वालों को मामले की जानकारी मिली तो वह गुस्से में आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में भी मारपीट हो गई। इसी बीच किसी ने दो चार पत्थर चला दिए। इससे वहां भगदड़ मच गई। इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस को देख उपद्रवी भाग खड़े हुए। इंस्पेक्टर बन्नादेवी रविंद्र कुमार दुबे के मुताबिक उपद्रवियों की तलाश जारी है। फिलहाल किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है।