महानगर के देहली गेट थाना क्षेत्र में स्थित एक मीट फैक्टरी के संचालक और उसके मजदूरों पर एक युवक ने पिटाई का आरोप लगाया है। युवक का आरोप है कि उसे पुलिस के सामने ही पीटा गया। मामले में एसएसपी को शिकायत दर्ज कराई गई है।
प्रदीप कुमार पुत्र राजेश निवासी अमरपुर कोंडला ने बताया कि वह अपने ईंट भट्टा से सुबह चार बजे अपने घर गाड़ी से जा रहा था। तभी भैसों से भरे एक ट्रक ने गाड़ी को टक्कर मार दी। ट्रक चालक के भागने पर उसका पीछा कर उसे एक मीट फैक्टरी के सामने रोक लिया। इधर, सूचना पर पुलिस भी आ गई। तभी मीट फैक्टरी का संचालक और मजदूर बाहर आए और ट्रक चालक के समर्थन में आकर मारपीट करने लगे। पुलिस के सामने पिटाई लगाते रहे। बाद में जब वह खींचकर मीट फैक्टरी के भीतर ले जाने लगे। तब मिन्नत करने पर पुलिस ने उसे छुड़ाया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। मामले में थाना पुलिस की कार्यशैली सहित मारपीट के आरोपियों की एसएसपी से शिकायत की गई है। वहां से जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन मिला है।