पुलिस गिरफ्त में हत्या का आरोपी।
- फोटो : CHHARRA
थाना क्षेत्र के गांव सिरसा में छह सितंबर को ट्यूबवेल पर सो रहे बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या का मंगलवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। बुजुर्ग की हत्या प्रेम प्रसंग के कारण हुई थी। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
पुलिस के अनुसार गांव निवासी अडीचंद्र (70) छह सितंबर की रात अपने ट्यूबवेल पर सोने गया था। रात में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अडीचंद्र के भाई महेन्द्र सिंह ने अज्ञात में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। छर्रा कोतवाली निरीक्षक प्रमोद कुमार मलिक ने घटना की जांच के लिए टीम का गठन किया था।
मंगलवार को पुलिस ने मामले में मृतक के भतीजे अनिल कुमार पुत्र महेंद्र सहित अजय कुमार पुत्र ओमकार सिंह, इशेन्द्र उर्फ लल्ला पुत्र चंदन सिंह ढोलावाले, नीतू पुत्र सूरजमल निवासी सिरसा को गांव छबीलपुर से गिरफ्तार कर लिया। भतीजे अनिल ने बताया कि ताऊ अडीचंद्र का उसकी पत्नी से प्रेम प्रसंग था। जिसकी जानकारी मिलने पर हत्या की योजना बनाई और अपने चार साथियों की मदद से गोली मारकर हत्या की दी थी। अनिल की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में उपयुक्त तमंचा बरामद किया है। चारों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। एक आरोपी सत्येंद्र फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।