हरदुआगंज क्षेत्र के तालानगरी के कारोबारी को बुलंदशहर के इंस्पेक्टर द्वारा अगवा करने और बाद में छोड़ने के मामले में पुलिस की दो टीमें गिरफ्तारी के लिए लगाई गई हैं। इन टीमों का गठन न्यायालय स्तर से वारंट जारी होने के बाद किया गया है। टीमों को इंस्पेक्टर के साथ-साथ मुकदमे के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का भी लक्ष्य दिया गया है।
तालानगरी के फूड यूनिट के स्वामी अभिषेक तिवारी का बुलंदशहर कोतवाली में तैनात अपर निरीक्षक अजय यादव ने कुछ लोगों के साथ निजी वाहन में आकर अपहरण किया था। बाद में अधिकारियों के दखल पर उन्हें वे छोड़ गए थे। इस दौरान मारपीट का भी आरोप लगा।
मामले में नियम विरुद्ध अभिषेक को बिना बुलंदशहर में रवानगी और बिना हरदुआगंज में आमद के इस कार्रवाई पर उनका निलंबन हुआ और यहां अपहरण व हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ। इस मामले में न्यायालय ने अजय यादव के अलावा अन्य आरोपी राजीव शर्मा, अमित अरोड़ा, अजय कुमार आदि के खिलाफ न्यायालय ने वारंट जारी कर दिए हैं।
इसे लेकर अब उनकी गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर से दो टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें लगातार इनका सुराग तलाश रही हैं। अगर सफलता नहीं मिली तो जल्द कुर्की की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। एसपी देहात शुभम पटेल के अनुसार मामले में थाने से दो विशेष टीमों का गठन किया गया है।