फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ : मेडिकल कॉलेज से मरीज को निजी नर्सिंग होम ले जाने पर दलाल भिड़े

विज्ञापन
विज्ञापन
एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज में आसपास के जिलों से आने वाले गरीब और मजबूर मरीजों को मेडिकल कॉलेज से पास के ही नर्सिंग होम में ले जाने पर बीती रात दो दलाल आपस में भिड़ गए। एक दलाल समाजवादी पार्टी का नेता है। इस घटना की वहां पर मौजूद एक व्यक्ति ने वीडियो बना ली, जो इस समय सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो रही है। इस वीडियो से ही इस काले धंधे का सच सामने आया है।
विज्ञापन

मेडिकल कॉलेज की रेजीडेंट डॉक्टर एसोसिएशन का कहना है कि उन्होंने पुलिस प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन को इस संबंध में पहले कई बार अवगत कराया है। जेएन मेडिकल कॉलेज में अलीगढ़ के अलावा बदायूं, संभल, चंदौसी, बुलंदशहर, हाथरस, कासगंज, एटा आदि आसपास के जिलों के मरीज उपचार के लिए आते हैं। मेडिकल कॉलेज के सूत्रों के मुताबिक यहां आने वाले मरीजों पर दलाल पहले से ही नजर रखे हुए होते हैं। गंभीर होने पर मरीज को मेडिकल कॉलेज द्वारा दिल्ली या फिर बीएचयू के लिए रेफर किया जाता है। रेफर होने के बाद यह दलाल मरीज के परिजनों को फुसलाना शुरू करते हैं और मेडिकल कॉलेज के आसपास बने नर्सिंग होम में ले जाते हैं। यहां पर उसके तीमारदारों का आर्थिक शोषण किया जाता है। शुक्रवार की रात को भी ऐसा ही वाकया हुआ। एक मरीज को धौर्रा माफी स्थित एक नर्सिंग होम पर ले जाने पर दो दलालों में झगड़ा हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि समाजवादी पार्टी का एक नेता जो एक दलाल है, जमकर गाली-गलौज कर रहा है और दूसरा दलाल उसका जवाब दे रहा है।
दलाल कभी हुआ करता था माफिया का गनर
मेडिकल कॉलेज से मरीजों को उठाकर नर्सिंग होम ले जाने का वीडियो वायरल होने पर कांग्रेसी नेता विनोद पांडे ने कहा है कि यह बहुत शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि वीडियो में दिखाई देने वाला सपा नेता एक माफिया का गनर हुआ करता था। बाद में यह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसने जमीनों पर कब्जे किए हैं और अब मेडिकल कॉलेज से मरीजों को अपने बनाए गए एक नर्सिंग होम में भिजवा देता है। इससे गरीब मरीजों का आर्थिक शोषण होता है। इसके संरक्षण में वहां आपराधिक तत्व भी पल रहे हैं। वह इस पूरे मामले की जल्दी ही प्रदेश के मुख्यमंत्री और डीजीपी को शिकायत करने जा रहे हैं।
विज्ञापन

मेडिकल कॉलेज में आए मरीजों को दलाल और उसके आदमी अपने आकाओं के नर्सिंग होम में ले जाते हैं। कभी-कभी तो यह लोग ड्यूटी कर रहे डॉक्टर के साथ भी अभद्रता कर देते हैं। इस संबंध में कई बार पुलिस प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन को भी अवगत कराया है। कुछ दिनों पहले एसपी सिटी को पूरा घटनाक्रम बताया, जिसके बाद वह मेडिकल कॉलेज भी आए थे और सारी बात को समझा था। अब यह ताजा घटनाक्रम हुआ है। इसके बाद यह मामला एक बार फिर से सभी लोगों के सामने आ गया है। रेजिडेंशियल एकेडमी मांग करती है कि इन दलालों का प्रवेश मेडिकल कॉलेज परिसर में बंद किया जाए और डॉक्टरों की सुरक्षा की जाए।
डॉ. हमजा मलिक, अध्यक्ष, रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन
मेडिकल कॉलेज पर जो भी घटनाक्रम हुआ है या वहां जो भी स्थिति है, उसके लिए असिस्टेंट प्रॉक्टर्स को वहां पर भेजा गया है। वह मामले की जांच करेंगे और इसके बाद जो भी उचित कदम होंगे वे उठाए जाएंगे ।
प्रोफेसर वसीम अली, प्राक्टर, एएमयू
सपा नेता का यह प्रकरण अभी मेरी जानकारी में नहीं है। बाकी वह जो भी कर रहे हैं यह उनका व्यक्तिगत मामला है। पार्टी का इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं है । कोई भूमिका नहीं है।
विज्ञापन

- अशोक यादव, जिला अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें