एक अक्तूबर को राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा अलीगढ़ पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से मलखान सिंह जिला अस्पताल के सभागार में एक रक्तदान शिविर व जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर शुबह 9 बजे शुरू होगा और दोपहर 3 बजे तक चलेगा। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. सईद मोहम्मद कहते हैं कि महामारी के दौरान रक्तदान का महत्व और भी बढ़ जाता है। क्योंकि इस समय रक्त की आवश्यकता सामान्य समय के मुकाबले अधिक है।
उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति रक्तदान करता है उसकी आपूर्ति शरीर में 24 घंटे में अपने आप हो जाती है। एक व्यक्ति का दान किया गया रक्त 4 लोगों की जान बचाता है। जागरूकता गोष्ठी का मकसद रक्तदान के संबंध में जो भ्रांतियां लोगों में फैली हुई हैं, उसको दूर करना है।
रक्तदान करने वाले महादानियों के स्वास्थ्य की चार महत्वपूर्ण जांच भी की जाएंगी। इसमें एचआईवी, सिफलिस, हेपेटाइटिस बी और हेपेटाइटिस सी शामिल हैं। इनमें से किसी भी बीमारी के संकेत मिलने पर रक्तदान करने वाले को गोपनीय तरीके से सूचित किया जाएगा, जिससे कि वह अपना उपचार शुरू कर सके।
साथ ही उस रक्त को नष्ट कर दिया जाएगा। इस तरह रक्तदान के साथ-साथ स्वास्थ्य परीक्षण का भी लाभ दिया जा सकता है। कार्यक्रम में सहयोग करने वाली संस्थाओं में उड़ान सोसायटी, पर्यावरण सुरक्षा समिति, माहेश्वरी क्रिएटिव क्लब, स्वर साधना संस्था, नागरिक चेतना समिति, हेल्प डेस्क इंडियन, पूर्व सैनिकों का संगठन वेटरंस इंडियन आदि भी शामिल हैं।