योगी सरकार की भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस नीति पर अलीगढ़ मंडल में अमल शुरू हो गया है। कमिश्नर द्वारा गठित एसएनटीसी सेल की जांच में दोषी मिले मंडल भर के विभिन्न विभागों के छह कर्मचारियों के खिलाफ संबंधित अफसरों ने कार्रवाई की है। पटियाली के एक आउटसोर्सिंग कर्मचारी को बर्खास्त कर दिया गया है तो अलीगढ़ के एक संविदाकर्मी की बर्खास्तगी की संस्तुति की गई है।
यही नहीं एटा के एक सरकारी कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है तो एक को पद से हटा कर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति कर दी गई है। दो अन्य के खिलाफ आरोप पत्र जारी कर पटल परिवर्तन किया गया है। एक का अन्य पटल पर स्थानांतरण कर दिया गया है। एटा के दो विद्युत विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ अभी कार्रवाई जारी है।
पिछले दिनों एसएनटीसी की बैठक में आरोप पत्र जारी होने के बावजूद आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में शनिवार को सात कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
क्या थे आरोप, आरोपी और कार्रवाई
1. अलीगढ़ में चिकित्सा विभाग में तैनात वरिष्ठ सहायक कमल कुमार गुप्ता-सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन, जीपीएफ की धनराशि में से 40 हजार रुपये नगद लेने व जीपीएफ की धनराशि से तीन प्रतिशत धन की अवैध वसूली का आरोप, निदेशक प्रशासन चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं ने संबंधित को आरोप पत्र तामील कराने के दिए आदेश।
2. एटा के सकीट ब्लाक के बेसिक शिक्षा विभाग के पटल सहायक आनंद कुमार सिंह-अवैध वसूली के आरोपी, एडी बेसिक ने आरोप पत्र जारी करने के दिए थे आदेश, बीएसए एटा ने किया निलंबित।
3. कासगंज की नगर पंचायत पटियाली के आउट सोर्सिंग कर्मचारी रितिक दीक्षित-जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने में अवैध वसूली का आरोप, जिलाधिकारी कासगंज ने की बर्खास्तगी की संस्तुति।
4. अलीगढ़ में विद्युत विभाग में तैनात संविदा कर्मचारी-नए विद्युत कनेक्शन देने में अवैध वसूली के आरोप में आरोप पत्र जारी, मुख्य अभियंता वितरण अलीगढ़ क्षेत्र ने आरोपी कर्मचारी की बर्खास्तगी की संस्तुति की।
5. अलीगढ़ में कलेक्ट्रेट व प्रदर्शनी में तैनात एक बाबू छोटेलाल - हैसियत व चरित्र प्रमाणपत्र जारी करने में अवैध वसूली पर आरोपपत्र जारी, डीएम ने आरोपी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करते हुए आरोपी प्रदर्शनी कर्मचारी को तत्काल पद से हटाया।
6. हाथरस में थाना हाथरस में तैनात पटल सहायक पुष्पेंद्र-हैसियत व चरित्र प्रमाणपत्र जारी करने में अवैध वसूली का आरोपी, डीएम हाथरस ने संबंधित के विरुद्घ कार्रवाई के लिए एसपी हाथरस को लिखा, संबंधित पटल सहायक का अन्य पटल पर स्थानांतरण।
दो कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी
एटा में हैसियत व चरित्र प्रमाणपत्र जारी करने के एवज में अवैध वसूली के आरोपी कर्मचारी के खिलाफ डीएम एटा द्वारा आरोपपत्र जारी करने एवं पटल परिवर्तन की कार्रवाई चल रही है। एटा में ही नए विद्युत कनेक्शन देने में अवैध वसूली के आरोपी कर्मचारी के विरुद्घ अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण एटा के स्तर से कार्रवाई चल रही है। मुख्य अभियंता ने जल्द से जल्द कार्रवाई पूर्ण करने के आदेश दिए हैं।
- अलीगढ़ मंडल में सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसएनटीसी सेल की सभी विभागों पर नजर है। यदि कहीं से भी भ्रष्टाचार की शिकायत आती है तो उसकी सेल द्वारा जांच कराई जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - गौरव दयाल, कमिश्नर अलीगढ़ मंडल