ऊपरकोट इलाके में बृहस्पतिवार देर रात हुए घटनाक्रम के बाद अफवाह फैलाने वालों का इस बार तगड़ी कार्रवाई से सामना होगा। इस घटना के 12 ऐसे फुटेज पुलिस को मिल गए हैं, जिसमें टिर्री चालक के मौके पर आने, घटना होने और फिर वहां से जाने तक के साक्ष्य मौजूद हैं। इसके बावजूद इस घटना को लेकर दुष्प्रचार किया गया। दोनों ओर से तरह-तरह की बातें कही गईं। जांच के आधार पर लोगों को चिह्नित कर पुलिस स्तर से कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
ऊपरकोट इलाके में बृहस्पतिवार रात भुजपुरा ठाकुर वाली गली का टिर्री चालक सद्दाम नशे में धुत होकर जा रहा था। तभी स्कूटी से टकराने पर मारपीट के बाद गायब होने पर माहौल बिगड़ा था। इसके बाद तरह तरह की अफवाहें फैलाई गई थीं। मामले में पुलिस स्तर से उसी दिन से अपने स्तर से जांच की जा रही है।
पुलिस ने कोतवाली में बने सिटी कंट्रोल रूम के सीसीटीवी कैमरों की मदद से घटना के 12 ऐसे फुटेज संकलित किए गए हैं, जिसमें पूरी घटना साफ हो गई है। इनमें टिर्री चालक आ रहा है, फिर वह किसी दंपती से टकराता है। बाद में स्कूटी चालक से टकराता है। मारपीट के बाद वह आगे किसी के साथ चला जाता है।
इसके बाद भी बेवजह की बातें प्रचारित की गई हैं और दोनों पक्षों की ओर से अफवाहें फैलाई गई हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी तरह-तरह की टिप्पणी की गई हैं। इन सभी तथ्यों को भी पुलिस संकलित कर रही है। अंदरखाने ऐसे लोगों की सूची बनाकर उन पर मुकदमे की तैयारी है।
छेड़खानी का भी मुकदमा दर्ज
इस मामले में पुलिस ने टिर्री चालक के खिलाफ दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिसमें टिर्री चालक पर टकराने के बाद विरोध पर छेड़खानी का आरोप लगाया गया है। पुलिस दोनों मामलों में साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई करने की तैयारी में है।
- इस मामले में मूल घटना से ज्यादा अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले दोषी हैं। हमने सीसीटीवी की मदद से साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं। उसी अनुसार दोनों मुकदमों में कार्रवाई होगी और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर भी कार्रवाई होगी।-कलानिधि नैथानी, एसएसपी