अलीगढ़। अतरौली के अवंतीबाई चौराहा स्थित एल वन कोरोना कोविड केयर सेंटर से सोमवार की देर रात एक मुल्जिम खिड़की के रास्ते कूदकर फरार हो गया। इससे पुलिस और अस्पताल प्रशासन में अफरा तफरी मच गई। पुलिस मुल्जिम की तलाश में जुट गई है।
अतरौली के 100 शैया युक्त संयुक्त चिकित्सालय को कोरोना कोविड केयर सेंटर बनाया गया है। इस वक्त यहां करीब 50 मरीज भर्ती हैं। मरीजों के साथ पिसावा के गांव सहजपुरा निवासी जावेद उर्फ भूरा पुत्र शमीम खां को भी भर्ती कराया गया था। जावेद गांव से ही एक लड़की को बहला फुसला कर ले गया था। पुलिस ने 10 दिन पहले ही लड़की को बरामद करते हुए जावेद को गिफ्तार किया था। जावेद की तबियत खराब देख उसे लोधा में क्वारन्टीन किया गया था। कोरोना की जांच कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस पर 26 जून को जावेद को अतरौली के एल 1अस्पताल में भर्ती किया गया। सोमवार की रात करीब 10 और 11 बजे के बीच जावेद गेट के ऊपर लगी खिड़की के शीशा खोलकर नीचे उतर आया और अस्पताल से फरार हो गया।
सुबह कर्मचारी मरीजों को नाश्ता देने पहुंचे तो मुल्जिम के फरार होने की जानकारी हुई। इससे पुलिस और अस्पताल प्रशासन सकते में आ गया। कस्बा चौकी इंचार्ज अरविंद सिंह, एसआई रवेंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसएसआई रितेश कुमार का कहना है कि पुलिस टीम मुल्जिम की तलाश में जुटी है।
पुलिस नहीं थी ड्यूटी पर :
अस्पताल में मरीजों की रखवारी और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात रहती है। मगर सोमवार की रात पुलिस मौजूद नहीं थी। इसी मौके का फायदा उठाकर वह भाग गया। अस्पताल के कर्मचारियों से पुलिस ने पूछताछ की। कर्मचारियों ने पुलिस कर्मियों के रात्रि ड्यूटी से नदारद रहने के फोटो भी उपलब्ध कराए हैं।
इसी खिड़की से गायब हुआ आरोपी।
- फोटो : AMAR UJALA
इसी खिड़की से गायब हुआ आरोपी।
हॉस्पिटल पर मौजूद पुलिस।
- फोटो : AMAR UJALA
हॉस्पिटल पर मौजूद पुलिस।