हाइवे पहावटी मोड़ पर साइकिल सवार छात्रा को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा की मौत हो गई। चंडौस के गांव किन्हुआ की 17 वर्षीय राधा शर्मा पुत्री प्रेमशंकर शर्मा कटरा मोड़ स्थित कांशीराम राजकीय महाविद्यालय में बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा थी। बुधवार सुबह वह अपनी सहेली खुशबू, भावना व शिवानी के साथ अलग-अलग साइकिल से कॉलेज जा रही थी।
रास्ते में हाइवे पहावटी मोड़ के पास खुर्जा की तरफ से तेज गति से आ रही लोनी डिपो की रोडवेज बस ने राधा व खुशबू की साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही राधा व उसकी साइकिल बस के पहिये के नीचे आ गई, जबकि खुशबू दूर छिटक गई। हादसे में राधा गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राधा को टोल प्लाजा की एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। उनका रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। मृतक छात्रा चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।