महिला की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने ट्रैक्टर खड़ा कर लगाया जाम।
- फोटो : CHHARRA
क्षेत्र के छर्रा-कासगंज मार्ग पर स्थित धनसारी ईंट भट्ठा के पास ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार महिला की कैंटर की चपेट में आने से मौत हो गई। महिला बैलोन से माता की जात कर वापस लौट रही थी। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों व महिला के परिजनों ने छर्रा-कासगंज मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने कैंटर चालक को हिरासत में लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कासगंज के थाना सिढपुरा के गांव मगथरा निवासी रामवरन की शादी चार माह पूर्व पूनम (20) निवासी भुड़िया रमपुरा, कन्नौज के साथ हुई थी। रामवरन पत्नी व परिजनों के साथ मंगलवार को ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर माता की जात करने बुलंदशहर के बैलोन गया था। पूनम के पति ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम वापस लौटते समय छर्रा-कासगंज मार्ग स्थित धनसारी ईंट भट्ठा के पास पूनम को उल्टी आने लगी थी। तभी ट्रैक्टर के पास से गुजर रहे कैंटर चालक ने पूनम की साड़ी को पकड़कर खींचने की कोशिश की। जिससे पूनम कैंटर के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों व परिजनों ने मार्ग पर ट्रैक्टर को खड़ा कर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर थाना कोतवाली निरीक्षक मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंचे गए। लगभग आधा घंटे तक ग्रामीणों व परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने कैंटर व चालक को हिरासत में लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अलीगढ़ः पूनम का फाइल पोटो।- फोटो : CHHARRA