उन्होंने बताया कि शेयर बाज़ार को बिना जाने, बिना समझे अगर इसमें पैसे लगते हैं तो ये जुआ या क़िस्मत का खेल है। लेकिन अगर इसकी पढ़ाई करके और इसकी बारीकियाँ समझ कर इसमें निवेश करते है तो शेयर बाज़ार आपके लिए एक बढ़िया बिज़नेस बन जाता है और आप यहाँ से नियमित आय अर्जित कर सकते हैं।
शेयर बाज़ार की पढ़ाई भी होती है
शोएब अहमद ने बताया कि जिस तरह किसी भी व्यवसाय की पढ़ाई होती है, चाहे वह डॉक्टर हो, इंजिनिया, हो या वकील, उसी तरह शेयर बाज़ार की भी पढ़ाई होती है। दुर्भाग्य से ये बात लोगों को पता नहीं है इसलिए वो बिना पढ़े शेयर मार्केट में पैसा लगा देते हैं और नुकसान उठाते हैं। अगर पढ़ाई करके शेयर मार्केट में काम शुरू करें तो कभी नुकसान नहीं उठायेंगे।
अगर शेयर बाज़ार की पढ़ाई होती है तो कोई कॉलेज या विश्वविद्यालय इसका कोर्स क्यों नहीं कराते
उन्होंने बताया कि शेयर बाज़ार कोई किताबों से पढ़ने वाली चीज़ नहीं है ये यह एक व्यावहारिक और अनुभव आधारित शिक्षा है। इसको वही पढ़ा सकता है, जो ख़ुद शेयर बाज़ार में काम करता हो । जो ख़ुद शेयर बाज़ार में कामयाब है पैसा कमा रहा है वो किसी कॉलेज या यूनिवर्सिटी में जा कर क्यों पढ़ायेगा। सैलरी से ज़्यादा पैसा वो शेयर बाज़ार से ख़ुद कमा लेगा।
शेयर ट्रेडिंग ऑनलाइन या ब्रोकर टर्मिनल से करें?
शोएब अहमद ने बताया कि पहले ऑनलाइन ट्रेडिंग ऐप ज़्यादा नहीं थे हमें ब्रोकर टर्मिनल पर जाकर बहुत अधिक ब्रोकरेज/कमीशन दे कर काम करना पड़ता था। आज हमें ना तो ब्रोकर टर्मिनल पर जाने की ज़रूरत है ना उतना ज़्यादा ब्रोकरेज/कमीशन देने की। उचित मूल्य पर सभी सुविधाएं हमें ऑनलाइन डीमेट ऐप्स में मिल जाती हैं।
एक अच्छा ब्रोकर वह है जो कम ब्रोकरेज कमीशन ले और अच्छी सुविधाएं दे।एक अच्छा ब्रोकर कभी भी आप से POA (पॉवर ऑफ़ अटॉर्नी) साइन नहीं करवायेगा और आपके अकाउंट से ख़ुद ट्रेड नहीं करेगा। हालाकि कुछ ब्रोकर ऐसा करते हैं जो सही नहीं है।
जो लोग टिप देते हैं उसकी क्या सच्चाई है
लोग आजकल फ़ोन करके, ह्वाट्सऐप या टेलीग्राम चैनल के माध्यम से टिप देते हैं। ये बिल्कुल ग़लत है और एक तरह की धोखाधड़ी है। अनुरोध है कि इस तरह की धोखाधड़ी से दूर रहें।
शेयर ट्रेडिंग कब, कौन और कैसे करें
इसके लिए एक डीमैट अकाउंट खोलना होता है। इसकी प्रक्रिया बहुत सरल है बस आपकी न्यूनतम आयु 18 साल होनी चाहिए। आपकी केवाईसी होती है, जिसमे 10 से 15 मिनट का समय लगता है। अगले दिन अकाउंट खुल जाता है, आप ट्रेडिंग शुरू कर सकते हैं।