जेएन मेडिकल कॉलेज में टीका लगवाने के लिए बैठे किशोर-किशोरी।
- फोटो : CITY OFFICE
एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज के पुराने ओपीडी हाल में सोमवार को 15 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के 50 किशोरों को कोवाक्सिन का टीका लगाया गया।
कुलपति प्रो. तारिक मंसूर ने कहा कि किशोरों के लिए यह टीका अभियान सभी स्थापित सरकारी प्रोटोकाल के साथ चलाया जा रहा है। कुलपति ने किशोरों के माता-पिता से आग्रह किया कि वह अपने बच्चों को जल्द से जल्द टीकाकरण के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज लाएं और उन्हें तेजी से फैलने वाले कोविड-19 की तीसरी लहर ओमिक्रॉन संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करें।
जेएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. शाहिद अली सिद्दीकी ने बताया कि प्रतिदिन टीका लगवाने वालों के लिए हर संभव व्यवस्था की है और लाभार्थी में किसी भी प्रतिकूल प्रभाव की सूचना मिलने पर बाल रोग विशेषज्ञों की एक टीम बिल्कुल तैयार है। टीका लगाए गए किशोरों को आधे घंटे तक इंतजार करना होगा और टीकाकरण के बाद प्रतिकूल प्रभाव के लिए उनकी निगरानी की जाएगी और 28 दिनों के बाद वह दूसरी खुराक के पात्र होंगे।