ट्रांसपोर्ट नगर के लिए पहले ही 49 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत कर चुका अलीगढ़ विकास प्राधिकरण अब 36 हेक्टेयर जमीन और अधिग्रहण करेगा। कमिश्नर ने इसकी मंजूरी दे दी है।
अलीगढ़ में पिछले 24 वर्षों से ट्रांसपोर्ट नगर की मांग हो रही है। प्रशासन ने खैर रोड स्थित गांव ल्होसरा बिसावन में 85 हेक्टेयर जमीन चिन्हित की थी। इसमें प्रदेश का पहला मॉडल ट्रांसपोर्ट नगर विकसित करने की योजना बनी थी। इसके बाद 49 हेक्टेअर जमीन का बैनामा हो गया था। जमीन के भू उपयोग का प्रस्ताव बनाकर शासन में भेज दिया गया।
यह प्रस्ताव अब तक लंबित है। अब शेष 36 हेक्टेअर जमीन के अधिग्रहण की तैयारी है । मंडलायुक्त गौरव दयाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कमिश्नरी में बैठक हुई। इसमें मंडलायुक्त ने भूमि अधिग्रहण करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि किसानों से सहमति के आधार पर बैनामे कराए जाएं। एडीए के प्रभारी सचिव अर्जुन सिंह तोमर ने बताया कि भूमि अधिग्रहण का काम जल्द ही कराया जाएगा। सोमवार को मंडलायुक्त की अध्यक्षता में फिर से बैठक होगी। इस मौके पर एडीए के अलावा प्रशासनिक अफसर भी मौजूद रहे।