महानगर में एक ऐसा वसूली गैंग सक्रिय है, जो धन संपन्न परिवार के युवाओं को निशाना बनाकर उनसे वसूली करता है। कभी किसी को ब्लैकमेल कर तो किसी को नशे की लत लगाकर धन वसूलता है। ऐसे ही एक मामले में विधि छात्र की आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उससे बीस लाख रुपये ऐंठ लिए गए। अब उसे धमकाया जा रहा है। इस मामले में एसएसपी से शिकायत की गई है, जिसमें पुलिस को गंभीरता से जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पीड़ित हरदुआगंज के व्यापारी ने अपनी शिकायत में कहा है कि उनका बेटा डीएस कॉलेज में विधि का छात्र है। उसकी कस्बे के ही युवक से दोस्ती है। दोनों एक साथ एक ही वाहन से कॉलेज आते जाते थे। इसी बीच कस्बे के युवक ने उनके बेटे की मुलाकात क्वार्सी, रामघाट रोड के एक युवक और उसके हाथरस निवासी मौसेरे भाई से कराई। बाद में इन तीनों ने साजिश रचकर फोटो व वीडियो को मार्फ कर आपत्तिजनक वीडियो बना ली। फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर रुपये ऐंठना शुरू किया। इन लोगों ने अब तक 20 लाख रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद भी उसे लगातार धमकी दी जा रही हैं। इससे बेटा मानसिक तनाव में है। अब परिवार में खबर हुई तो इन लोगों को समझाने का प्रयास किया। मगर ये किसी तरह की बात मानने को तैयार नहीं हैं। इतना ही नहीं, इन लोगों ने पीड़ित युवक से कुछ कागज व खाली चेक भी साइन कराकर लिए हैं, जिनको लेकर तरह-तरह की धमकी दे रहे हैं। इस मामले में एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बता दें कि इसी तरह के कई मामले पुलिस के पास पहुंचते रहते हैं। क्वार्सी में ऐसे ही एक मामले में स्वर्ण जयंती नगर के युवक को नशे की लत लगाने, फिर उसे रुपये उधार देने और अब उससे तीन-तीन गुना रकम वापस जबरन लेने का मामला आया था। उसमें भी पुलिस से शिकायत की गई थी।