दिल्ली-हावड़ा ट्रैक पर सोमना स्टेशन के पास नॉन इंटरलॉकिंग के काम के चलते 16 व 17 अप्रैल को 18 ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। इनमें से आठ को रद्द किया गया है तो दस ट्रेनें रोककर चलाई जाएंगी। इससे यात्रियों को दिक्कतें हो सकती हैं। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि सोमना स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग का काम चल रहा है। इसके चलते 16 अप्रैल को नई दिल्ली-अलीगढ़ ईएमयू को निरस्त किया गया है। 17 को लखनऊ-नई दिल्ली गोमती एक्सप्रेस (अप/डाउन), हाथरस किला-दिल्ली ईएमयू पैसेंजर, दिल्ली-हाथरस किला ईएमयू पैसेंजर, टूंडला-दिल्ली टीएडी पैसेंजर, दिल्ली-टूंडला पैसेंजर, नई दिल्ली-अलीगढ़ ईएमयू पैसेंजर, अलीगढ़-दिल्ली ईएमयू पैसेंजर ट्रेन निरस्त रहेंगी। इसके अलावा 17 अप्रैल को ही नई दिल्ली-दरभंगा स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस 20 मिनट, पुरी-आनंद विहार-भागलपुर को 45 मिनट, जयनगर-दिल्ली गरीब रथ 65 मिनट तक विभिन्न स्टेशनों के बीच रेग्यूलेट की जाएगी।
अमृतसर के लिए स्पेशल ट्रेन आज से
पूर्वोत्तर रेलवे ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेनों 05005 व 05006 गोरखपुर-अमृतसर-गोरखपुर का संचालन 11 फेरों के लिए करेगा। ट्रेन 05005 गोरखपुर-अमृतसर 15 अप्रैल से 24 जून तक हर शुक्रवार को गोरखपुर और ट्रेन 05006 अमृतसर-गोरखपुर 16 अप्रैल से 25 जून तक प्रत्येक शनिवार को अमृतसर से चलेगी। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के मुताबिक ये ट्रेेनें गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर, बरेली होकर चलेंगी।