क्रिकेटर युवराज सिंह ने शुक्रवार को मथुरा में नयति मेडिसिटी में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर कैंसर का उद्घाटन करते हुए कहा कि मैं भी कैंसर से लड़ा और जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि सही समय पर इलाज मिल जाए तो कैंसर से मुक्ति पाई जा सकती है। मैं आज पूरी तरह से स्वस्थ हूं।
सिक्सर किंग के रूप में अपनी पहचान बनाने वाले क्रिकेटर युवराज सिंह शुक्रवार को नयति मेडिसिटी में थे। यहां उन्होंने हास्पिटल को देखा। वार्ड में भर्ती मरीजों से भी बात की। यहां दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी की।
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर कैंसर का उद्घाटन करने के बाद युवी ने कहा कि जब उन्हें कैंसर हुआ तो वह भी घबरा गए थे। लेकिन उनकी मां और पिता लगातार उनके साथ रहे। दोस्तों ने हौसला बंधाया।
वह खुद भी हिम्मत करके कैंसर से लड़ने को तैयार हो गए थे। इलाज कराया और आज पूरी तरह से दुरुस्त हैं। लिहाजा कैंसर से घबराएं नहीं बल्कि उसका सही इलाज कराएं।