आगरा हरीपर्वत क्षेत्र के बाग मुजफ्फर खां स्थित एक निजी हॉस्टल में मजदूर नरेश प्रजापति उर्फ बंटी (40) की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। उनका शव रविवार शाम को हॉस्टल की चौथी मंजिल पर बने शौचालय में मिला। वह हॉस्टल में रहने वाले अपने साथी मोहन प्रजापति से मिलने आया करते थे। घटना के बाद से साथी फरार है। पुलिस का कहना है कि साथी ने पहले कमरे में नरेश की सिर में पत्थर मारकर हत्या की। इसके बाद शव को शौचालय में डालकर ताला लगाया और फरार हो गया।
डाकखाने वाली गली, बाग मुजफ्फर खां निवासी नरेश प्रजापति पुत्र रामगोपाल मजदूरी करते थे। थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि नरेश शनिवार सुबह 11 बजे घर से निकले थे। इसके बाद घर नहीं लौटकर आए। परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका।
निरीक्षक के मुताबिक, सेंट जोंस चौराहे के पास विवेक बंसल का चार मंजिला हॉस्टल है। हॉस्टल की चौथी मंजिल पर कमरा लेकर ग्वालियर निवासी मोहन प्रजापति रह रहा था। वह भी मजदूरी करता है। नरेश उससे मिलने जाता था। दोनों की दोस्ती थी। रविवार शाम को हॉस्टल का कर्मचारी चौथी मंजिल पर गया था। तभी उसे दुर्गंध आई। मगर, मोहन के कमरे पर ताला लगा था। कर्मचारी ने शौचालय को खोलने की कोशिश की, लेकिन उसके गेट पर भी ताला था। दुर्गंध शौचालय के अंदर से ही आ रही थी। फर्श पर खून भी पड़ा था। यह देखकर उसे शक हो गया। उसने पुलिस को सूचना दी।