मथुरा में रविवार को प्रेम प्रसंग में युवक ने गोली मारकर युवती की हत्या कर दी। बाद में खुद को गोली मारकर खुदकुशी की कोशिश की। गोली ठोड़ी से छूकर निकल गई।
युवक ने युवती के घर पर ही वारदात को अंजाम दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और युवक को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया।
शहर के महोली रोड पर रविवार शाम को कोतवाली क्षेत्र में हरि नगर की गली नंबर एक में संजीव शर्मा के घर में दो गोली चलने की आवाज आई। इससे मोहल्ले में सनसनी फैल गई।
घर के अंदर बायीं तरफ कनपटी पर गोली लगने से खून से लथपथ खुशी (19) पुत्री संजीव शर्मा बॉबी फर्श पर पड़ी हुई थी। पास ही घायल हालत में रवि (29) पुत्र रामभरोसे चाहर निवासी हरिनगर खड़ा हुआ था।
घटना के समय खुशी के पिता संजीव, मां मधु और भाई बिट्टू घर में मौजूद थे। चौकी प्रभारी हरेंद्र मालिक ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले युवक ने पहले पिस्टल से खुशी की कनपटी पर गोली मारकर हत्या की है।
खुद भी ठोड़ी पर गोली मारी, पर छूकर निकल गई है। प्रेम प्रसंग के चलते युवक ने युवती की हत्या की और खुदकुशी करने की कोशिश भी की है। पुलिस ने पिस्टल बरामद कर ली है। पिस्टल किसकी है इसकी जांच की जा रही है।
दोनों परिवारों का एक-दूसरे के घर है आना-जाना
युवती की गोली मारकर हत्या करने वाला युवक शादीशुदा है। युवती के घर से तीन मकान छोड़कर हत्यारोपी का घर है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दोनों परिवारों का एक-दूसरे के घर आना-जाना है। जहां घटना हुई है, वो घर युवती का है। युवक पहले से युवती के घर में था।