मैनपुरी के कोतवाली क्षेत्र में एक युवक का शव शुक्रवार की सुबह औंछा रोड बाईपास के पास पेड़ पर लटका मिला। उसके गले में शर्ट का फंदा कसा हुआ था। परिजनों की ओर से एक व्यक्ति पर हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया गया। मौत का सही कारण जानने के लिए पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के छोटी नगरिया निवासी मुकेश कश्यप का 18 वर्षीय पुत्र सूरज शादी समारोह आदि में ढोल बजाता था। गुरुवार की रात वह घर से गायब हो गया। शुक्रवार की सुबह औंछा बाईपास मार्ग पर कुछ लोगों ने उसका शव बेर के पेड़ पर शर्ट के फंदे से लटका देखा। जानकारी मिलने के बाद रोते बिलखते परिजन मौके पर आ गए।
मोहल्ले के एक व्यक्ति पर लगाया आरोप
सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को फंदे से उतारने के बाद मोर्चरी भेजा गया। मृतक के पिता मुकेश ने आरोप लगाया कि गुरुवार की रात मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति से विवाद हो गया था। इसके बाद से ही पुत्र गायब हो गया था।
उक्त व्यक्ति ने ही पुत्र की हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाया है। कोतवाली पुलिस ने मौत का सही कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया। इंस्पेक्टर कोतवाली भानु प्रताप ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।