आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बेंच पर दो लावारिस थैले मिलने से हड़कंप मच गया। आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन के प्लेटफ़ॉर्म नंबर एक की बेंच पर प्रतीक्षालय के बाहर दो थैले काफी देर से रखे हुए थे। वेंडर ने इसकी जानकारी आरपीएफ इंस्पेक्टर ओमप्रकाश यादव को दी। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को वहां से दूर करवा दिया।
सूचना मिलने पर बम निरोधक दस्ते के साथ ही स्निफर डॉग को लेकर डॉग स्क्वैड भी पहुंच गया। टीम ने चेकिंग की तो थैलों में कपड़े, मिठाई आदि सामान मिला। इस दौरान एक घंटे तक स्टेशन पर अफरा तफरी का माहौल बना रहा। इंस्पेक्टर आरपीएफ ने बताया कि आरपीएफ जवान ने बताया था कि जोधपुर हावड़ा स्पेशल ट्रेन के स्टेशन से छूटने के बाद ही थैलों को वहां देखा गया था। सीसीटीवी फुटेज देखे गए तो स्लीपर कोच में चढ़े यात्री का सामान ही नजर आया। टीटी के माध्यम से यात्री तक सूचना पहुंचा दी गई है।