बटेश्वर यमुना मे तेज वहाव के साथ बढ़ता जल स्तर
- फोटो : Archive
बटेश्वर। तीर्थ नगरी बटेश्वर में पिछले कई दिनों से यमुना नदी के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने तटीय इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। जलस्तर बढ़ने के साथ ही नदी का बहाव तेज हो चुका है, जिससे नदी पार बसे दर्जनों गांवों का आवागमन ठप होने की कगार पर है।
यमुना के बढ़ते जलस्तर ने नदी किनारे बसे भरतार, कल्याणपुर माफी, सुंदरपुरा, सिद्धपुरा, रहल और रंजीतपुरा आदि गांवों के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इन गांवों के ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों और आवश्यक वस्तुओं के लिए आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी के तेज बहाव से नाव संचालन प्रभावित हो गया है। तहसील प्रशासन की टीमें अलर्ट पर हैं। प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से यमुना के जलस्तर की पल-पल की मॉनिटरिंग की जा रही है। यमुना किनारे बसे ग्रामीण इलाकों के लोगों को नदी के नजदीक न जाने की सलाह दी गई है। किसी भी आपात स्थिति के लिए राहत टीमें मुस्तैद हैं।