दो दिन में पांच मीटर घटा चंबल का जलस्तर
चंबल नदी में बाढ़ का खतरा टल गया है। दो दिन में नदी का जलस्तर 5 मीटर घटकर 122.50 मीटर से 117.50 मीटर रह गया है। उफनाई नदी किनारे के बीहड़ के खादर में दलदल छोड़ गई है। किसानों की कछार की फसल भी नष्ट हो गई है।
राजस्थान मध्यप्रदेश में लगातार हो रही बारिश और काली सिंध से छोडे़ गए पानी के चलते चंबल नदी का 24 घंटे में 12.50 मीटर से 122.50 मीटर जलस्तर हो गया था। जिससे बाह में नदी किनारे के 38 गांवों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया था।
गुरुवार को नदी का जलस्तर दो मीटर घटकर 120.50 मीटर तथा शुक्रवार को नदी का जलस्तर 3 मीटर घटकर 117.50 मीटर रह गया है। मऊ की मढैया, मुकुटपुरा, क्यारी, गुढा, गोहरा, रानीपुरा, भटपुरा, पुराडाल, क्योरी पुरा, उमरैठा पुरा आदि गांवों के कछार की फसलें नष्ट हो गई है। बाढ़ का खतरा टलने से बीहड़ गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है।