मथुरा के बलदेव क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर हादसा हो गया। एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 131 के पास डिवाइडर से टकराकर बेकाबू कार पलट गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यमुना एक्सप्रेस-वे पर माइलस्टोन 131 के पास टाटा जेस्ट कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। कार में चार लोग सवार थे। चालक कर्ण पुत्र जमुना प्रसाद निवासी जय गोविंद खेड़ा न्यू तानी उन्नाव की मौके पर ही मौत हो गई।
अजीमुल आलम पुत्र मोहम्मद आरिफ अंसारी उम्र करीब 27 वर्ष, मोहम्मद आरिफ अंसारी उम्र करीब 60 वर्ष निवासीगण बीआरएस नगर लुधियाना पंजाब और शिवम पुत्र सुरेंद्र निवासी नीमखेड़ा थाना औरस जिला उन्नाव को घायल अवस्था में कृष्णा हॉस्पिटल रामबाग आगरा में एंबुलेंस द्वारा भर्ती कराया गया, जहां पर घायल मोहम्मद आरिफ अंसारी की भी मौत हो गई।
पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को देने के साथ ही दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।