फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा में पानी के लिए प्रदर्शन: गुस्साईं महिलाओं ने सड़क पर खाली बर्तन रखकर लगाया जाम, नारेबाजी

Sat, 27 Nov 2021 04:06 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला नेटवर्क, आगरा

सार

आगरा में पानी की किल्लत खत्म नहीं हो रही है। आए दिन लोगों को पानी के लिए जूझना पड़ता है। शनिवार को आवास विकास सेक्टर 4 की महिलाओं का धैर्य जवाब दे गया। क्षेत्र में पानी की सप्लाई न होने से गुस्साई महिलाओं ने लोहामंडी बोदला मार्ग पर जाम लगा दिया। इस दौरान जलकल विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। 
विज्ञापन
महिलाओं ने सड़क पर बर्तन रखकर लगाया जाम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा में 20 दिन से पानी न आने से परेशान महिलाओं ने शनिवार को बोदला-लोहामंडी रोड पर जाम लगा दिया। गुस्साई महिलाओं ने सड़क पर बाल्टियां रखकर जलकल अधिकारियों से पानी की मांग की। शांतिपुरम, सरस्वती नगर, गुलाब नगर, बीएमजे कॉलोनी, हुक्मीराम नगर के लोगों ने जाम लगाने के साथ जलकल अधिकारियों के खिलाफ सड़क पर प्रदर्शन किया। 

विज्ञापन

जाम खुलवाने के लिए जगदीशपुरा पुलिस पहुंची, लेकिन महिलाओं ने जलकल अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। इंजीनियर पहुंचे तो उन्हें खरीखोटी सुनाई। जलकल इंजीनियरों ने रविवार तक जांच कर पानी की सप्लाई बहाल करने का भरोसा दिया, तब महिलाओं ने जाम खोला।
बोदला लोहामंडी रोड स्थित बैनारा फैक्टरी के पीछे शांतिपुरम, सरस्वती नगर, गुलाब नगर समेत 6 कॉलोनियों में 20 दिनों से पानी नहीं पहुंच रहा। क्षेत्रीय लोगों ने इलाके के इंजीनियर से जानकारी की तो बताया गया कि पालड़ा फॉल से पानी कम मिल रहा है, लेकिन 20 दिन बाद भी पानी की सप्लाई बहाल न होने पर लोगों के सब्र का बांध टूट गया और शनिवार को वह सड़कों पर उतर आए। 

विज्ञापन

दो घंटे तक जाम रहा मार्ग 
बच्चों के साथ महिलाओं ने बोदला-लोहामंडी रोड जाम कर दिया। दो घंटे तक जाम और प्रदर्शन होता रहा। पुलिस ने मौके पर जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता बीपी शर्मा और अवर अभियंता को बुलाया, लेकिन महिलाओं ने पुलिस के सामने ही जलकल इंजीनियरों को खरी खोटी सुना दी। 

मौके पर पहुंचे केके भारद्वाज ने बताया कि अवर अभियंता से लगातार शिकायतें की जा रही हैं, पर वह सुनवाई नहीं कर रहे। एक दो दिन का संकट हो तो पड़ोसी भी मदद कर देते हैं, पर यहां 20 दिनों से सप्लाई बंद है। लोग रिक्शों, स्कूटी से पानी भरकर ला रहे हैं। जाम लगाने वालों में एसके गौड़, सूरज शर्मा, हरीशंकर, महेश त्रिवेदी, रिंकू शर्मा, रघुवीर सक्सेना, शिवचरन, कप्तान सिंह चौधरी और क्षेत्र की महिलाएं मौजूद रहीं।

शाम तक बहाल होगी आपूर्ति
जलकल महाप्रबंधक आरएस यादव ने कहा कि बोदला रोड पर पानी न आने की शिकायत पर तुरंत जांच टीम भेजी गई है। लीकेज या कोई अन्य वजह होगी, जिसकी जांच करके रविवार शाम तक सप्लाई बहाल कराई जाएगी। 
विज्ञापन

लापरवाही का छठवां दिन, हसनपुरा में नहीं मिला पानी
हसनपुरा में जलकल विभाग की लापरवाही का छठवां दिन है, जब लोगों को पानी नहीं मिल पाया। शनिवार को पानी का टैंकर भी नहीं पहुंचा। लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ा। राजनगर और हसनपुरा क्षेत्र में महिलाएं पानी लाने के लिए पैदल ही निकलीं। 

क्षेत्रीय पार्षद बंटी माहौर ने बताया कि सोमवार को वह लोगों के साथ वाटरवर्क्स स्थित जलकल कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। महाप्रबंधक से शिकायत के बाद भी पानी की सप्लाई नहीं की जा रही। उनके पास अब घेराव और प्रदर्शन के अलावा कोई विकल्प नहीं है। 

एक हाथ में चोट, दूसरे में पानी की बाल्टी
हसनपुरा, राजनगर में पानी का टैंकर नहीं पहुंचने के कारण लोगों को दूरदराज से पानी भरकर लाना पड़ा। एक महिला के हाथ में चोट के कारण प्लास्टर बंधा था तो दूसरे हाथ में पानी की बाल्टी उठाकर लानी पड़ रही थी। महिलाओं और बच्चों को 300 से 500 मीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें