एकलव्य स्टेडियम में निरीक्षण करती टीम
- फोटो : अमर उजाला
बैंकाक में अप्रैल-2018 में फाइव-ए साइड अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता होनी है। इसमें प्रतिभाग करने वाली भारतीय जूनियर महिला टीम का शिविर एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
बुधवार को हॉकी इंडिया के अधिकारी और उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक मैदान के साथ अन्य व्यवस्थाएं देखने पहुंचे।
शिविर का आयोजन 28 से 18 फरवरी तक किया जाना है। इसके लिए 25 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। हॉकी इंडिया के हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर डेविड जॉन ने स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ, बाथरूम, जिम की स्थिति देखी।
खिलाड़ियों को होटल ग्रांड में ठहरना है, उसको भी देखा। उन्होंने खेल निदेशक डा. आरपी शर्मा से एस्ट्रोटर्फ के अधूरे काम पूरा कराने के लिए कहा। निदेशक ने शिविर के आयोजन से पूर्व कार्य पूरा कराए जाने के लिए आश्वस्त किया।
आरपी सिंह ने बताया कि एस्ट्रोटर्फ पर सीधे राष्ट्रीय स्तर का कैंप लगना बड़ी बात है। आगे इस मैदान और अच्छे आयोजन कराए जाएंगे।
खेल निदेशक डा. आरपी शर्मा ने एस्ट्रोटर्फ के निर्माण कार्य में देरी होने पर नाराजगी जाहिर की। निर्माणदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड के अधिकारी के साथ स्टेडियम में बैठक की।
एडवांस रुपए मिले फिर भी कार्य पूरा नहीं
पूछा कि रुपये एडवांस दिए जाने के बावजूद काम में देरी क्यों की गई। संस्था ने 31 दिसंबर 2017 तक ही काम पूरा करने का आश्वासन दिया था।
निदेशक की नाराजगी पर प्रोजेक्ट मैनेजर ने आश्वस्त किया कि 26 जनवरी तक सारे काम पूरे कर दिए जाएंगे। 28 जनवरी से शिविर लगना है। एस्ट्रोटर्फ का बजट 5.13 करोड़ रुपये था। बाद में और बजट मांगा गया।
1.13 करोड़ रुपये का रिवाइज्ड बजट भी जारी दिया गया। अभी तक काम पूरा नहीं हो सका है। स्टेडियम में अभी साइड बोर्ड लगाने के साथ रंगाई-पुताई और स्प्रिंगलर का गन लगाना है।