मुकदमे में तारीख कर घर लौटी महिला को दी धमकी
- पति की हत्या का चल रहा है मामला, पीड़िता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
कुरावली। पति की हत्या के मुकदमे में तारीख करने के बाद गांव नगला ऊसर लौटी महिला को आरोपी ने घर में घुसकर धमकी दी। तमंचा लेकर आए आरोपी ने कहा कि तेरे पति को तो मार दिया है। अब तुझे भी मार दूंगा। लाेगों को आता देख आरोपी वहां से भाग गया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला ऊसर निवासी आरती देवी 28 अगस्त को पति सनोज सिंह की हत्या के मामले में दीवानी न्यायालय में तारीख पर गई थीं। शाम के समय वह घर वापस लौट कर आईं। तभी गांव निवासी आरोपी पंकज अकेला देख कर घर में घुस आया। आरोपी के हाथ में तमंचा था। उसने गाली देते हुए कहा कि गवाही देने गई थी। तेरे पति को मार दिया और तुझे भी मार दूंगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकला। पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी पंकज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।