-आरोपी ने परिचालक को भी पीटा, कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। ईशन नदी पुल के पास बृहस्पतिवार को सीतापुर डिपो की बस के चालक को बस में घुस कर आए एक आरोपी ने सरिया से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच बचाव करने आए परिचालक को भी पीटा। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद तलाश शुरू कर दी है।
जनपद हरदोई के गांव घटकना निवासी रमेश चंद्र सीतापुर डिपो की बस पर परिचालक हैं। बृहस्पतिवार को वह मथुरा से सवारियां लेकर सीतापुर जा रहे थे। शाम के समय बस जब कोतवाली क्षेत्र में ईशन नदी पुल के पास पहुंची। तभी कुछ सवारियों को उतारने के लिए चालक लवकुश निवासी चौधरी टोला पुराना सीतापुर ने बस को रोक दिया। इस बीच अंकित नाम का एक युवक बस में चढ़ कर आया और चालक से बस को आगे बढ़ाने के लिए कहने लगा। चालक लवकुश ने कहा कि सवारियां उतार जाएं तो वह बस आगे बढ़ा लेगा। इसी बात पर आरोपी अंकित ने सरिये से चालक के सिर पर वार कर दिया। सरिया लगने से चालक के सिर से खून बहने लगा। बचाव करने पर परिचालक रमेश पर भी हमलावर हो गया। इस घटना के बाद बस में मौजूद सवारियों में चीख पुकार मच गई। इस मौका पाकर आरोपी वहां से भाग निकला। पुलिस ने घायल चालक का मेडिकल कराने के बाद आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।