आगरा में बंद मकानों में चोरी करने वाले गिरोह की महिला सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके पास से नकदी और आभूषण बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि वह गिरोह के साथ मिलकर रेकी कर चोरी का सामान ठिकाने लगाने का काम करती थी।
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में बंद मकानों में चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गिरोह से जुड़ी एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक पायल सफेद धातु व 3,570 रुपये नकद बरामद किए हैं।
विज्ञापन
एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि कालिंदी बिहार निवासी जितेंद्र कुमार ने 10 मार्च को थाना ट्रांस यमुना में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया था कि वह 7 मार्च को अपनी पुत्री का मुंडन कराने के लिए जनपद गौतमबुद्धनगर गए थे। 10 मार्च को वापस लौटने पर उनके मकान का ताला टूटा मिला और घर से सफेद व पीली धातु के आभूषण समेत नकदी चोरी हो चुकी थी। मामले के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर शाह हॉस्पिटल के पास से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
रेकी कर चोरी की घटनाओं को देेती थी अंजाम
पूछताछ में महिला ने बताया कि मोनू और उसके पांच बाल अपचारी साथी बंद मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी का सामान उसे बेचने के लिए दिया जाता था। महिला होने के कारण उस पर किसी को शक नहीं होता था। वह चोरी का सामान बेचकर अपने हिस्से की रकम रखती थी और बाकी पैसे गिरोह के सदस्यों को दे देती थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरोह के मुख्य आरोपी मोनू को 21 मार्च को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, उसके पांच बाल अपचारी साथियों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।