मालूम हो कि सदर में फूल सैयद चौराहे पर सड़क निर्माण का काम चल रहा था। 11 जून को सड़क निर्माण के ठेकेदार ने कुत्ते के ऊपर ही सड़क बना दी। ये मामला गरम हुआ, तो पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम और कुत्ते की जान लेने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
इस मामले में सड़क निर्माण से जुड़े सुपरवाइजर रविंद्र सिंह, रोड रोलर चालक कुलदीप और दो मजदूर सतीश और वीरेंद्र को गिरफ्तार किया गया था। उन्हें थाने से जमानत भी दे दी गई थी। उन पर दोष साबित करने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट बहुत अहम होगी। रिपोर्ट में ये साबित हो गया कि कुत्ते की मौत सड़क निर्माण सामाग्री में दबने से हुई, तो सभी आरोपियों को जेल की हवा खानी पड़ सकती है।
आरोप सिद्ध हुआ, तो पांच साल की हो सकती है जेल
पुलिस ने दो धाराएं 428 और 429 लगाई हैं। 428 में मुजरिम को दो साल तक की सजा का प्रावधान है। 429 के तहत किसी भी मूल्य के पशु को घायल, विकलांग करने या उसकी जान लेने पर पांच साल तक की सजा का प्रावधान है। इस केस में पशुओं के प्रति क्रूरता के निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 लगाई गई है।
इसमें दोष सिद्ध होने पर 10 से 50 रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। पुलिस का कहना है कि जिस कुत्ते को मारा गया, उसका मूल्य तय नहीं है, इसके तय हो जाने पर एक धारा हटा दी जाएगी। पशु क्रूरता निवारण अधिनियम में 2017 में योगी सरकार ने संशोधन किया है। इस पर पुलिस विधि विशेषज्ञ की राय ले रही है।