मां ने नहीं दिए 40 रुपये तो किशोर ने फंदा लगाकर दी जान
- पुलिस के पहुंचने से पहले परिजन ने किया अंतिम संस्कार
किशनी। शनिवार शाम क्षेत्र के गांव कमलपुर में मां ने 40 रुपये नहीं दिए तो किशोर ने फंदा लगाकर जान दे दी। मौके पर पुलिस पहुंचने से पहले परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना क्षेत्र के कमलपुर में शनिवार को 15 वर्षीय शिवा बाथम पुत्र चंद्रपाल बाथम ने अपनी मां से 40 रुपये मांगे।मां के मना करने पर शाम चार बजे शिवा बाथम ने घर के टिन शेड में साड़ी से फंदा लगाकर जान दे दी। पड़ोस की महिला के घर में झांकने पर उसने किसी को लटका देखा तो उसकी चीख निकल गयी।गांव के युवक घर में कूदे तो शिवा को फंदे पर लटका देखकर कोहराम मच गया।मृतक शिवा का पिता चंद्रपाल मक्का बेचने मैनपुरी मंडी में गया हुआ था।बेटे के मौत की जानकारी होने पर चंद्रपाल घर आ गए।परिजनों ने शाम छह बजे मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया।किसी ग्रामीण ने पुलिस को हत्या की सूचना दे दी, जिस पर थानाध्यक्ष महाराज सिंह भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।थानाध्यक्ष महाराज सिंह भाटी ने बताया कि किसी ग्रामीण ने किशोर की मौत होने की सूचना दी थी।ग्रामीण किशोर के फांसी लगाकर जान देने की बात कह रहे हैं।जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद