कासगंज/ पटियाली। मौसम का बदलता मिजाज पशुओें के लिए भारी पड़ने लगा है। ठंड लगने से पशु बीमार पड़ रहे है। सिढ़पुरा क्षेत्र के ग्राम ढूंढरा व सैलोट में 17 पशुओं की मौत हो गई। जबकि गंजडुंडवारा क्षेत्र के नगला दुर्ग में भी कई पशु बीमार है। राजस्व विभाग की टीम ने जाकर मृतक पशुओं की जानकारी ली। वहीं पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने गांवों का भ्रमण कर पशुओं का टीकाकरण कराया।
मौसम में आए बदलाव का असर पशुओं पर भी दिखाई देने लगा है। पशुओं में बीमारी फैलने लगी है। दो दिन के भीतर सैलोट व ढूंढरा में 17 पशुओं की जान चली गई। पशुओं की मौत से ग्रामीण चिंतित हैं।सिढ़पुरा क्षेत्र के नगला ढूढरा में वीरेंद्र सिंह की भेंस, रामोतार की भेंस व दो बच्चे, मुवीन, हरदौला, ग्रीश चंद्र की एक एक भेंस, प्रशांत की एक बकरी व दो बकरों की मौत हो गई। ग्राम सैलोट में राजमहेश की दो भेंस, एवं अवनीश, नेत्रपाल, भजन लाल की एक एक भेंस, रामदीन व राम सिंह की एक एक पड़िया की मौत हो गई। जब इस बात की जानकारी उपजिलाधिकारी प्रेम नरायन सिंह को हुई तो उन्होंने राजस्व निरीक्षक रघुराज सिंह व लेखपाल नरेंद्र प्रताप सिंह को मौके पर भेज कर क्षति का आंकलन कराया। जबकि गंजडुंडवारा के नगला दुर्ग मेें पशुओं के बीमार होने की सूचना पर पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर पशुओं की जांच कराई। गांव में चार पशु बीमार मिले।
तीनों गांव में टीमों को भेजकर पशुओं का टीकाकरण कराया है। रविवार को भी गांव में टीम भेजी जाएगी। इस समय मौसम में ठंड बढ़ने लगी है, जिससे पशु प्रभावित हो रहे हैं। पशुपालक पशुओं को ठंड से बचाए जिससे उनको बीमार पड़ने से बचाया जा सके। एके सागर प्रभारी सीवीओ