यमुनापार में ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस दो स्थित जोनल पंपिंग स्टेशन के टैंकों की सफाई होने के कारण गुरुवार शाम को जलापूर्ति ठप रही। शाहदरा, ट्रांसयमुना कॉलोनी, कांशीराम योजना, कालिंदी विहार और एत्माद्दौला क्षेत्र में पानी की आपूर्ति न होने के कारण शाम को लोग परेशान रहे।
जलकल विभाग ने दो दिन पहले लोगों को सफाई के कारण जलापूर्ति न होने की जानकारी दे दी थी, लेकिन शाम को जलापूर्ति न होने के कारण लोगों को परेशानी हुई। टंकियां खाली होने के कारण लोगों को सबमर्सिबल पंप से पानी भरना पड़ा। सुबह की जलापूर्ति करने के बाद ट्रांस यमुना कॉलोनी के पंपिंग स्टेशन पर सफाई शुरू की गई। शाम पांच बजे तक सफाई के बाद टंकियों को भरा गया।
सिपाही सोनू चौधरी हत्याकांड: 50 हजार का इनामी बदमाश एसटीएफ ने किया गिरफ्तार, अब तक 12 आरोपी भेजे जेल
सूर्य नगर में चलेगा सफाई का काम
शुक्रवार (आज) सूर्य नगर जोनल पंपिंग स्टेशन पर जलाशय की सफाई का काम किया जाएगा। इस वजह से सूर्य नगर से पोषित इलाकों में शुक्रवार शाम को पानी नहीं मिलेगा। जलकल विभाग के महाप्रबंधक आरएस यादव ने बताया होली से पहले हम सभी पंपिंग स्टेशनों की सफाई का काम पूरा कर लेंगे। शुक्रवार को सूर्य नगर जोनल पंपिंग स्टेशन के जलाशय की सफाई की जाएगी। इस वजह से पोषित इलाकों में शाम को जलापूर्ति नहीं होगी। सुबह सप्लाई के दौरान पानी का भरकर रख लें।
यहां आज शाम नहीं मिलेगा पानी
सूर्य नगर, संजय प्लेस, खंदारी, भदावर हाउस, आरबीएस कालेज, बाग फरजाना, बैंक कॉलोनी, भगवान टॉकीज, मास्टर प्लान रोड
हडसन टैंक की सफाई का काम भी शुरू किया
जीवनी मंडी वाटरवर्क्स में भी गर्मी से पहले टैंकों की सफाई का काम चल रहा है। यहां हडसन टैंक को साफ किया जा रहा है। इस टैंक के चार हिस्से हैं। जलकल विभाग के सचिव एसके श्रीवास्तव ने बताया कि शहर में जलापूर्ति प्रभावित न हो, इसलिए सबसे पुराने इस टैंक के एक-एक हिस्से की सफाई की जा रही है। शेष तीन हिस्सों में पानी का भंडारण किया जा रहा है। आपूर्ति पर इससे असर नहीं पड़ रहा है। होली तक हम सभी टैंकों की सफाई का काम पूरा कर लेंगे।
साकेत कॉलोनी, लोहामंडी में लीक हुई मेन राइजिंग
साकेत कॉलोनी में साकेत अस्पताल के सामने और लोहामंडी जोनल पंपिंग स्टेशन के सामने मेन राइजिंग लाइन गुरुवार को लीक हो गई। साकेत अस्पताल के सामने लीकेज के कारण बड़ा गड्ढा बनने लगा है। यहां लगातार पानी बहने से सड़क का कटान शुरू हो गया और तीन जगह से सड़क धंस गई। पानी भर जाने के कारण यहां धंसी सड़क और गड्ढे नजर नहीं आ रहे। रोड पर ट्रैफिक का दबाव ज्यादा है, इसलिए साइड पटरी से होकर वाहन निकल रहे हैं। यही हाल लोहामंडी का है, जहां पाइप लाइन लीक होने के कारण सड़क पर पानी बर्बाद हो रहा है। साकेत कॉलोनी निवासी अतिन कुमार ने बताया कि पानी भरे होने के कारण कार निकाली तो गड्ढे में फंस गई। अस्पताल स्टाफ ने मदद करके बाहर निकाली। यहां बड़ा हादसा हो सकता है।