गर्मी से पहले पानी की टंकियों और जलाशयों की सफाई का काम जारी है। दो मार्च को निर्भय नगर पानी की टंकी और लॉयर्स कॉलोनी में भूमिगत जलाशय और टंकी की सफाई का काम किया जाएगा। इस कारण दो मार्च की शाम को संबंधित क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं हो पाएगी। जलकल विभाग के महाप्रबंधक ने दो मार्च की सुबह सप्लाई के दौरान पानी भरकर रख लेने की सलाह दी है।
जलकल विभाग जीएम आरएस यादव ने बताया कि लॉयर्स कॉलोनी जोनल पंपिंग स्टेशन के जलाशय और टैंक एवं निर्भय नगर पानी की टंकी की सफाई के कारण इनसे जुड़े क्षेत्रों लॉयर्स कॉलोनी, सुलभ विहार, देव नगर, कालिंदी पुरम, जेपी नगर, गैलाना रोड, नसीराबाद, नगला पदी, दुर्गा नगर, सुख नगर आदि में दो मार्च की शाम को पानी की आपूर्ति नहीं की जाएगी। तीन मार्च को सुबह यहां जलापूर्ति सामान्य हो पाएगी।
मिलावट का जहर: सिंथेटिक दूध से युवाओं को भी हो रही लिवर-किडनी की बीमारी
जलकल विभाग ने इससे पहले गुरुवार को रकाबगंज और शुक्रवार को ताल फिरोज खां पानी की टंकी की सफाई कराई थी। 15 से 20 फरवरी के बीच शहर में पालड़ा फॉल से आ रहे गंगाजल में भारी मात्रा में सिल्ट आई थी जो इन टंकियों और जलाशयों में जमा हो गई है। इसके अलावा सालाना सफाई कार्यक्रम के तहत भी गर्मी से पहले इनकी सफाई का काम किया जा रहा है।
टैगोर नगर में महिलाओं ने मांगा गंगाजल
दयालबाग के टैगोर नगर में महिलाओं ने हाथों में खाली बाल्टियां लेकर गंगाजल के लिए प्रदर्शन किया। रामवीर सिंह और सौरभ चौधरी के नेतृत्व में महिलाओं ने तीन साल पहले बिछाई गई गंगाजल की लाइन से पानी दिलाने की मांग की है। टैगोर नगर निवासी आशा अग्रवाल ने बताया कि घरों में टोंटी लगा गए, लेकिन पानी नहीं आया।
नगला हवेली में जब पानी दिया जा सकता है तो टैगोर नगर को क्यों नहीं जोड़ा जा रहा। सानिया श्रीवास्तव और तनु कश्यप ने कहा कि गर्मी में भूगर्म जलस्तर नीचे गिर जाने के कारण सबमर्सिबल पंप काम नहीं करते। इसलिए एक माह के अंदर उनके घर की टोंटियों को गंगाजल की लाइन से जुड़वाया जाए। प्रदर्शन के दौरान स्मृति खेत्रपाल, गुड्डन खेत्रपाल, रीता मुंजाल, नाजमी खान, अशोक सिकरवार आदि मौजूद रहे।