आगरा। आधे शहर में पानी का संकट पांचवें दिन भी जारी रहा। मंगलवार को रिमझिम बारिश से भीगते हुए लोग सबमर्सिबल पंप और टैंकरों से पानी लेने पहुंचे। बारिश के कारण जीवनी मंडी वाटरवर्क्स के गेट पर टूटी पानी की पाइपलाइन की मरम्मत का काम आठ घंटे लेट हो गया, इस वजह से अब बुधवार शाम को ही जलापूर्ति होने की संभावना है। जलकल विभाग की टीम सुबह तक वेल्डिंग और लाइन शिफ्टिंग का काम पूरा कर पाएगी, जिसके बाद दोपहर में टंकियों को सप्लाई दी जाएगी। इसके बाद शाम को ही लोगों के घरों में पानी पहुंच सकेगा।
मंगलवार को पीपलमंडी, काला महल, जीवनी मंडी, बेलनगंज, पथवारी, कचहरी घाट, पीपलमंडी, गुदड़ी मंसूर खां, घटिया आजम खां, फुलट्टी, हींग की मंडी, कोतवाली, मंटोला, कलक्ट्रेट, काजीपाड़ा, छीपीटोला, बिजलीघर, बालूगंज, विजय नगर कॉलोनी, पीर कल्याणी, लोहामंडी क्षेत्रों के लोगों को बारिश में भीगते हुए पानी भरने जाना पड़ा। कई लोगों ने घर की छत से पाइप के जरिए बहे पानी को स्टोर कर लिया जो उनके टॉयलेट और अन्य कामों में उपयोगी रहा।
तिरपाल लगाकर वेल्डिंग
जलकल विभाग की टीम ने मंगलवार को 28 इंच की पाइपलाइन के साथ दो अन्य पाइपलाइनों को शिफ्ट करने का काम किया, जिसमें पाइप लाइनों की वेल्डिंग बारिश के कारण रुक गई। अधिकारियों ने पाइपलाइन शिफ्ट करने की जगह पर तिरपाल लगाया, लेकिन बारिश के कारण अड़चन आई। जलकल अधिकािरयों का दावा है कि अगर बारिश न होती तो बुधवार सुबह तक जलापूर्ति शुरू कर दी जाती, लेकिन अब बुधवार शाम को ही जलापूर्ति कर पाएंगे।
बारिश का पानी भरा
पांच दिन से पानी नहीं आ रहा। बारिश का पानी जो छत से आया, उसी को भर लिया। उससे अन्य जरूरत के काम पूरे हो जाएंगे। पीने के पानी के 5 कैंपर मंगवाने पड़े। जेब पर यह अतिरिक्त खर्च पड़ा है। - लक्ष्मी यादव, बाड़ा चरन सिंह
पहली बार इतनी परेशानी
केवल नहाने, पीने का पानी ला पा रहे हैं। पांच दिन से कूलर बंद है। इसमें तो 20 बाल्टी पानी चाहिए, इसलिए बिना पानी के ही चला रहे हैं। पहली बार लगातार 5 दिन तक पानी का संकट रहा है। - रंजीत सिंह, जीवनी मंडी
टैंकर भी नहीं आया
ऑफिस से आने के बाद पानी भरने गया तो रिमझिम बारिश में भीगते हुए जाना पड़ा। पड़ोसियों ने दो दिन पानी दिया, पर वह भी थक चुके। पूरी गली के लोग पानी के लिए परेशान हैं। हमारे यहां तो टैंकर भी नहीं आ पाया। - कुलदीप सिंह, पीपलमंडी
तेजी से काम में जुटे
हमने तीन पाइपलाइन बाईपास की हैं, जिस वजह से रात में भी वेल्डिंग का काम किया है। बारिश के कारण अड़चन आ गई। फिर भी तेजी से काम पूरा करने में जुटे हैं। बुधवार शाम को हर हाल में सप्लाई देने का प्रयास होगा। - एसके श्रीवास्तव, सचिव, जलकल