आगरा में दो दिन पहले टूटी पानी की 28 इंच की पाइपलाइन के कारण रविवार को भी पूरे दिन आधे शहर के लोग पानी के लिए तरसते रहे। पालड़ा फॉल से गंगाजल की आपूर्ति बंद होने से सिकंदरा वाटरवर्क्स से यमुना जल दिया गया, जबकि जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से यमुनापार, कमला नगर के अलावा सभी जगहों की आपूर्ति ठप रही।
विज्ञापन
जीवनी मंडी वाटरवर्क्स के गेट पर मरम्मत के दौरान 30 मीटर पाइप टूटा हुआ निकला। इसकी मरम्मत करना मुश्किल है। यहां 1200 एमएम व्यास की लाइन ऊपर से निकलने के कारण 35 मीटर नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जो बाईपास कर पुरानी लाइन से जोड़ी जाएगी। इसमें चार दिन का समय लग सकता है। ऐसे में पानी का संकट गुरुवार तक झेलना पड़ सकता है।
जलकल विभाग के सचिव एसके श्रीवास्तव का कहना है कि जहां पर लाइन टूटी है वहां स्मार्ट सिटी की 1200 एमएम की लाइन है। आरसीसी का बेस तोड़ने से ताजगंज के लिए बिछाई गई स्मार्ट सिटी की 1200 एमएम की नई लाइन टूटने का खतरा है। जलकल विभाग ने पुरानी पाइपलाइन की जगह 35 मीटर नई लाइन डालने का फैसला किया है। इस काम में चार दिन का समय लगेगा।
विज्ञापन
टूटी पाइप लाइन देखते मेयर नवीन जैन
- फोटो : अमर उजाला
पानी के लिए तरसे ये इलाके
लोहामंडी, काला महल, जीवनी मंडी, बेलनगंज, पथवारी, कचहरी घाट, पीपलमंडी, गुदड़ी मंसूर खां, घटिया आजम खां, फुलट्टी, हींग की मंडी, कोतवाली, मंटोला, कलक्ट्रेट, काजीपाड़ा, छीपीटोला, बिजलीघर, बालूगंज, विजय नगर कॉलोनी, पीर कल्याणी, लोहामंडी, राजामंडी समेत जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से जुड़े इलाकों के लोग पानी के लिए तीन दिन से तरस रहे हैं। अगले चार दिनों तक इन्हें पानी का संकट झेलना होगा।
टैंकर रहे नाकाफी, पुराने शहर की गलियों में संकट
शुक्रवार दोपहर को टूटी लाइन के कारण तीसरे दिन भी लोग पानी के लिए जूझते रहे। जलकल विभाग ने टैंकर भेजने का दावा किया, लेकिन पुराने शहर की तंग गलियों में यह पहुंचे ही नहीं। पीपलमंडी के पार्षद रवि बिहारी माथुर ने बताया कि टैंकर गलियों में नहीं पहुंच रहे। जलकल विभाग अगले चार दिनों के लिए कोई वैकल्पिक इंतजाम करे। जलकल विभाग केवल 30 टैंकर ही भेज पा रहा है, जबकि इससे 30 गलियों का भी काम नहीं चल पा रहा।
दो टीमें गठित कर शुरू करें काम : मेयर
रविवार सुबह पीपलमंडी क्षेत्र के पार्षद रवि माथुर के नेतृत्व में पार्षदों और क्षेत्र की जनता ने जलकल विभाग के महाप्रबंधक आरएस यादव से मुलाकात कर समस्या बताई। महाप्रबंधक ने पार्षदों को मौके पर ले जाकर निरीक्षण कराया, जिसमें स्मार्ट सिटी की कारस्तानी के कारण लोग पानी के लिए परेशान हैं। पार्षदों ने मेयर से शिकायत की, जिसके बाद मेयर नवीन जैन भी वाटर वर्क्स पहुंचे।
जलकल विभाग के अधिकारियों ने मेयर को बताया कि स्मार्ट सिटी ने गलत ढंग से पाइप लाइन बिछाई है, जिससे मरम्मत नहीं हो पा रही। मेयर ने स्मार्ट सिटी अधिकारियों पर नाराजगी जताई और कहा कि दो टीमें गठित करें और रात को भी काम करें। 24 घंटे यहां पर मरम्मत का कार्य होना चाहिए और हर हाल में बुधवार तक पानी की आपूर्ति शुरू हो जानी चाहिए। आधे शहर के जिन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है वहां पर सुबह-शाम पानी के टैंकर पहुंचाया जाए।
पाइपलाइन टूटने की जांच कराई जाए: पुरुषोत्तम
आगरा। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने जलकल विभाग की टूटी पाइपलाइन का रविवार को मुआयना किया। उन्होंने कहा कि लापरवाही के कारण आधे शहर को पानी के संकट से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने नगरायुक्त से समस्या के जल्द समाधान को कहा है।
विधायक खंडेलवाल ने कहा कि तीन अलग-अलग छोटी लाइनों के ऊपर विशाल पाइपलाइन डाली जाएगी तो नीचे की छोटी लाइन तो टूटेंगी ही। ऐसे में बची हुई दो लाइनों को सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी कार्य योजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है कि आखिर छोटी लाइनों के ऊपर आरसीसी का पटाव कर बड़ी लाइन क्यों डाली गई। उन्होंने नगर आयुक्त से अपेक्षा की है कि वह जो जलकल विभाग की पाइप लाइन टूटी है, उसके कारणों की उच्चस्तरीय जांच करवाएं।