मथुरा। कोसीकलां में पुलिस द्वारा पकड़े गए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्यों से पूछताछ करते ?
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को पकड़ा है। उनके कब्जे से छह चोरी की बाइकें बरामद की हैं। बदमाश अन्य शहरों से वाहन चुराते थे। पूछताछ में दोनों ने कई वारदात करना कबूला है।
एसपी ग्रामीण श्रीशचंद ने बताया कि रविवार को इंस्पेक्टर आजादपाल सिंह, चौकी प्रभारी धीरज गौतम ने शालीमार रोड पर चेकिंग के दौरान दो वाहन चोरों को पकड़ लिया। उनकी निशानदेही से चोरी की छह बाइकें बरामद की हैं। पुलिस टीम ने साढ़े नौ बजे दो बाइक सवारों को रोका और बाइक से संबंधित कागजातों के बारे में जानकारी की। लेकिन वे कुछ भी नहीं दिखा सके। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी के वाहनों के बारे में उगल दिया। उनकी निशानदेही से छह चोरी की बाइकें बरामद की हैं। पूछताछ में अपने नाम मुकेश निवासी गांव जाव हाल निवासी कांशीराम आवाज अजीजपुर, बलजीत निवासी बरहाना हाल निवासी कांशीराम कॉलोनी अजीजपुर बताया। एसपी ग्रामीण श्रीशचंद ने बताया कि यह गिरोह दिल्ली व हरियाणा प्रदेशों से भी बाइक चोरी करता है। बाइकों को कबाड़े में कटवा देते हैं। उन्होंने अपने अन्य साथियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।