पहले चरण में आगरा मेट्रो के दोनों कॉरिडोर में 10 स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा होगी। कॉरिडोर एक में सबसे बड़ी पार्किंग सिकंदरा, कॉरिडोर दो में सबसे बड़ी पार्किंग मंडी समिति मेट्रो स्टेशन पर बनेगी। दोनों कॉरिडोर पर पार्किंग के लिए पहले चरण में 95,515 वर्गमीटर भूमि आरक्षित की गई है।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) को मेट्रो स्टेशनों पर वाहन खड़े करने के लिए करीब 10 हेक्टेयर पार्किंग भूमि मुफ्त मिली है। ये भूमि राजकीय आस्थान या नजूल विभाग के तहत राज्य सरकार की है। पार्किंग भूमि के लिए यूपीएमआरसी को कोई मुआवजा नहीं देना पड़ेगा।
सिकंदरा से ताजमहल पूर्वी गेट तक पहले कॉरिडोर में 14 स्टेशन हैं। पहले चरण में पांच स्टेशनों पर पार्किंग सुविधा होगी। दूसरे कॉरिडोर में 15 स्टेशन हैं। यहां भी पांच स्टेशनों पर पहले पार्किंग विकसित की जाएगी।
मंडी समिति पर सबसे बड़ी, आगरा कॉलेज पर सबसे छोटी पार्किंग
दस मेट्रो स्टेशनों में सबसे बड़ी पार्किंग कॉरिडोर दो में प्रस्तावित शाहदरा स्थित मंडी समिति मेट्रो स्टेशन पर 24,500 वर्ग मीटर की होगी। जबकि सबसे छोटी पार्किंग कॉरिडोर एक में प्रस्तावित आगरा कॉलेज मेट्रो स्टेशन पर 1400 वर्ग मीटर में बनाई जाएगी। सिकंदरा स्टेशन पर 14,840 वर्ग मीटर में पार्किंग बनेगी।
मेट्रो स्टेशन - पार्किंग क्षेत्रफल
सिकंदरा- 14,840 वर्ग मीटर
गुरू का ताल- 2,975 वर्ग मीटर
आईएसबीटी- 10,000 वर्ग मीटर
आगरा कॉलेज- 1,400 वर्ग मीटर
जामा मस्जिद- 16,000 वर्ग मीटर
(सभी स्टेशन कॉरिडोर-एक में शामिल हैं)
सदर बाजार - 2,200 वर्ग मीटर
सुभाष पार्क- 7,000 वर्ग मीटर
एमजी रोड - 6,900 वर्ग मीटर
रामबाग - 9,700 वर्ग मीटर
मंडी समिति- 24,500 वर्ग मीटर
(सभी स्टेशन कॉरिडोर-दो में शामिल हैं)
डिपो निर्माण भी हो जाएगा शुरू
पहले कॉरिडोर के डिपो निर्माण के लिए 112 करोड़ रुपये का टेंडर लीसा इंजीनियर्स को मिल चुका है। पीएसी और एडीए की 20 हेक्टेयर भूमि डिपो के लिए ली गई है। इसमें 16 हेक्टेयर भूमि पर मेट्रो की मैटीनेंस डिपो बनेगी। इसमें सिर्फ 13 हेक्टेयर भूमि का इस्तेमाल किया जाएगा। बाकी चार हेक्टेयर भूमि पर यूपीएमआरसी अन्य सुविधाएं विकसित करेगी।