23 जून तक स्लॉट बुक, कोवाक्सिन सिर्फ एसएन में ही लगेगी
कोरोना वायरस रोधी वैक्सीन के लिए 23 तक स्लॉट बुक हो गए हैं। रविवार को पंजीकरण शुरू होते ही चार घंटे में ही सभी स्लॉट बुक हो गए। वहीं अब कोवाक्सिन सिर्फ एक बूथ पर लगेगी। पहले पांच बूथों पर लगाई जा रही थी। 70 में से 63 बूथों पर कोविशील्ड कंपनी का टीका लगेगा।
जिला टीकारकण प्रभारी डॉ संजीव वर्मन ने बताया कि 18 से 44 साल के लोगों के लिए 23 जून तक स्लॉट बुक हो गए हैं। इनके फोन पर बूथ और समय का मैसेज भी पहुंच गया है। इसके बाद आगे स्लॉट खोले जाएंगे। अब 70 बूथों पर टीका लगेगा, सभी पर 18 से 44 और 45 से अधिक उम्र के अलग काउंटर होंगे।
इनमें 69 बूथों पर कोविशील्ड और सिर्फ एसएन मेडिकल कॉलेज में कोवाक्सिन कंपनी की वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लगेगी। अभी तक कोवाक्सिन कंपनी की वैक्सीन जीवनीमंडी, मोती महल, जगदीशपुरा और बुंदू कटरा स्वास्थ्य केंद्रों पर भी लग रही थी
45 साल से अधिक उम्र के लोगों के स्लॉट खाली
45 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए स्लॉट अभी खाली हैं, जो ऑनलाइन पंजीकरण नहीं कराना चाहते हैं तो उनका मौके पर भी पंजीकरण कर टीका लगाने की सुविधा है। सबसे ज्यादा 18 से 44 साल के स्लॉट की मारामारी है। रविवार को सुबह 10 बजे से ही पंजीकरण के लिए लोग प्रयास कर रहे थे, सर्वर की दिक्कत से 12 बजे के बाद ही पंजीकरण हुआ।