मैनपुरी। कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए मंगलवार को जिले के 205 स्थानों पर टीकाकरण कराया गया। इस दौरान 13560 लोगों को कोरोना से बचाव के लिए टीके लगाए गए। सीएमओ और एसीएमओ ने टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण किया।
मंगलवार को सीएमओ डॉ.पीपी सिंह के निर्देशन में जिले के 205 स्थानों पर कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए टीकाकरण शिविर लगाए गए। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक आयोजित शिविरों में 13560 लोगों को टीका लगाया गया। 22 कॉलेजों में भी टीकाकरण के लिए शिविर लगाए गए। इन शिविरों में चार हजार से अधिक छात्र-छात्राओं का टीकाकरण किया गया। सीएमओ डॉ. पीपी सिंह सहित जनपद स्तरीय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी टीकाकरण का निरीक्षण करने के लिए विभिन्न स्थानों पर पहुंचे। शिक्षक- शिक्षिकाओं ने घर-घर पहुंचकर टीकाकरण की जानकारी ली जिन लोगों ने टीकाकरण नहीं कराया था उन्हें सत्र स्थल पर भेजकर टीकाकरण कराया।
कोसोन में बीडीओ व सचिव की मौजूदगी में हुआ टीकाकरण
घिरोर में मंगलवार को बीडीओ यदुवीर सिंह के नेतृत्व में विकासखंड के सचिवों के द्वारा प्रधानों के सहयोग से ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान चलाकर टीकाकरण कराया गया। कोसोन में पिछले दो दिनों से कोविड टीकाकरण से छूटे ग्रामीणों को जागरूक कर एएनएम,पंचायत सहायक,समूह सखी ने टीकाकरण कराया। सचिव योगेंद्र यादव ने ग्रामीणों से मास्क का प्रयोग करने की अपील की। टीकाकरण के दौरान प्रधान आरती चौहान के साथ स्वास्थ्य विभाग से संध्या यादव,अमित चौहान, लेखपाल ललित यादव, सचिव योगेंद्र यादव, पंचायत सहायक नीलम बघेल, अंजली चौहान, विकेश यादव, दीपचंद आदि मौजूद रहे।